दिल्ली को मिलेगी देश की पहली ‘रिंग मेट्रो’, 8 मार्च को पीएम मोदी देंगे बड़ी सौगात

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (06 मार्च 2026): दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बड़ा विस्तार मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) 8 मार्च को राजधानी में दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) की दो नई लाइनों का उद्घाटन करेंगे और फेज-V (Phase-V) के तहत तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास भी करेंगे। इन परियोजनाओं पर कुल 18,300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी, जिससे राजधानी की मेट्रो कनेक्टिविटी और मजबूत होगी तथा यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस अवसर पर मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर तक पिंक लाइन (Pink Line) के नए सेक्शन और दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक मैजेंटा लाइन (Magenta Line) के विस्तार का उद्घाटन किया जाएगा। मजलिस पार्क-मौजपुर बाबरपुर सेक्शन की लंबाई लगभग 12.3 किलोमीटर है और इसमें 8 एलिवेटेड स्टेशन बनाए गए हैं। इसके चालू होने के बाद पिंक लाइन की कुल लंबाई करीब 71.56 किलोमीटर हो जाएगी और दिल्ली को देश की पहली पूर्ण रूप से संचालित ‘रिंग मेट्रो’ (Ring Metro) मिलने जा रही है।

इसी तरह दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक 9.92 किलोमीटर लंबा मैजेंटा लाइन कॉरिडोर भी शुरू होगा, जिसमें सात एलिवेटेड स्टेशन शामिल हैं। यह कॉरिडोर बोटैनिकल गार्डन से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन तक चल रही मैजेंटा लाइन का विस्तार है। इस विस्तार के साथ मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई लगभग 49 किलोमीटर हो जाएगी और उत्तर-पश्चिम दिल्ली के कई इलाकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि ये परियोजनाएं केवल परिवहन को तेज बनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इससे सड़कों पर वाहनों की संख्या कम होगी और प्रदूषण (Pollution) पर भी नियंत्रण में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं में कई महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग उपलब्धियां भी शामिल हैं, जैसे यमुना नदी पर दिल्ली मेट्रो का नया पुल और डबल-डेकर वायडक्ट (Double Decker Viaduct), जिसमें मेट्रो ट्रैक और सड़क फ्लाईओवर दोनों को एक साथ विकसित किया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अवसर पर दिल्ली मेट्रो फेज-V (ए) के तहत तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर (Central Vista Corridor), एरोसिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक गोल्डन लाइन (Golden Line) का विस्तार और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक गोल्डन लाइन विस्तार शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद दिल्ली के प्रमुख सरकारी परिसरों, भारत मंडपम (Bharat Mandapam), इंडिया गेट (India Gate) और एयरपोर्ट जैसे महत्वपूर्ण स्थानों को बेहतर मेट्रो कनेक्टिविटी मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से एनसीआर (NCR) के शहरों को भी बड़ा लाभ होगा। फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के यात्री वायलेट लाइन के जरिए तुगलकाबाद पहुंचकर गोल्डन लाइन से सीधे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (Indira Gandhi International Airport) के टर्मिनल-1 तक जा सकेंगे। वहीं नोएडा के यात्री मैजेंटा लाइन से कालिंदी कुंज पहुंचकर एयरपोर्ट और दक्षिण दिल्ली के कई क्षेत्रों तक आसानी से यात्रा कर पाएंगे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।