नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा से सियासत गरम, कांग्रेस नेता करुणा सागर बोले– ‘बीजेपी की साजिश’
टेन न्यूज नेटवर्क
Bihar News (06 March 2026): बिहार के मुख्यमंत्री और जेडीयू नेता नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की घोषणा के बाद राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई है। एक ओर भारतीय जनता पार्टी इसे नीतीश कुमार की राष्ट्रीय राजनीति में पुनः सक्रिय भूमिका की शुरुआत बता रही है, तो वहीं दूसरी ओर विपक्षी दल इसे बीजेपी की साजिश करार दे रहे हैं। बीजेपी नेताओं का कहना है कि नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना इस बात का संकेत है कि वे अब राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय होकर बड़ा नेतृत्व देने की तैयारी कर रहे हैं।
वहीं कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल सहित कई विपक्षी दलों ने इस कदम पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस के कद्दावर नेता और सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी करुणा सागर (Karuna Sagar) ने इस मुद्दे पर बातचीत करते हुए कहा कि राजनीतिक इतिहास में ऐसा कोई उदाहरण नहीं मिलता जब किसी नेता ने स्वयं मुख्यमंत्री पद छोड़कर राज्यसभा जाने की इच्छा जताई हो। उन्होंने कहा कि अगर नीतीश कुमार सच में अपनी इच्छा से राज्यसभा जा रहे होते, तो वे खुलकर कहते कि बिहार के विकास और राज्य के हितों के लिए वे राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय होना चाहते हैं।
करुणा सागर ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में यह लिखा कि वे बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों और लोकसभा के सदस्य रह चुके हैं, अब केवल राज्यसभा बचा था इसलिए वे राज्यसभा का सदस्य बनना चाहते हैं। उन्होंने इस तर्क को हास्यास्पद और अविश्वसनीय बताते हुए कहा कि यह वास्तविक कारण नहीं हो सकता।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि बिहार में अब भारतीय जनता पार्टी का ही मुख्यमंत्री बनेगा और उसका चयन लोकतांत्रिक प्रक्रिया से नहीं बल्कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के आदेश से होगा। उनके मुताबिक बीजेपी में मुख्यमंत्री का चयन चुनाव से नहीं बल्कि “पर्ची या फरमान” से तय होता है और किसी बैठक में नाम घोषित कर दिया जाता है।

करुणा सागर ने यह भी दावा किया कि 2025 के चुनाव के बाद से ही यह स्पष्ट था कि नीतीश कुमार लंबे समय तक मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे और उनके खिलाफ पूरी राजनीतिक पटकथा पहले ही लिखी जा चुकी थी। उनका कहना है कि चुनाव के बाद वे मजबूरी में मुख्यमंत्री बने थे और अब उसी मजबूरी में उन्हें पद से हटाया जा रहा है। विपक्षी दलों का आरोप है कि नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजने के पीछे बीजेपी की सुनियोजित रणनीति है।
हालांकि बीजेपी इस आरोप को सिरे से खारिज करते हुए इसे विपक्ष की राजनीतिक बयानबाजी बता रही है। फिलहाल नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबर ने बिहार की राजनीति में नए समीकरणों और संभावनाओं को लेकर चर्चाओं का दौर तेज कर दिया है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।