Greater Noida News (03/03/2026): ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में 38 वर्षीय मजदूर की जान चली गई। दनकौर कोतवाली क्षेत्र के उस्मानपुर गांव में निर्माण कार्य के दौरान 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान ताज मोहम्मद के रूप में हुई है, जो गांव में ही रहकर मकानों की चिनाई का काम करता था। सोमवार को वह गांव के एक निर्माणाधीन मकान में काम कर रहा था। इसी दौरान दीवार के पास लटक रहे बिजली के तार से उसका संपर्क हो गया। तेज करंट लगते ही वह मौके पर ही गिर पड़ा और बुरी तरह झुलस गया।
हादसे के तुरंत बाद परिजन ताज मोहम्मद को इलाज के लिए ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने भट्टा गांव स्थित बिजली विभाग के कार्यालय पर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और लापरवाह बिजली कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से जर्जर और खुले बिजली तार लटक रहे हैं। इससे पहले भी करंट की चपेट में आकर करीब 10 लोग घायल हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। घटना की सूचना मिलने पर दनकौर कोतवाली पुलिस और विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें नियमानुसार मदद और जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन शांत हुआ। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली लाइनों को सुरक्षित नहीं किया गया तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।