शिकायत करना पड़ा भारी: भट्टा गांव में बदमाशों की फायरिंग में छात्र के पैर में लगी गोली
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (03/03/2026): ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भट्टा गांव में दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए कि पुलिस से शिकायत करने पर ही एक छात्र को गोली मार दी गई। इस सनसनीखेज वारदात में बीबीए प्रथम वर्ष का छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इस मामले में तीन नामजद समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, भट्टा गांव निवासी अचल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार रात उनके छोटे भाई सागर का गांव के ही कुछ युवकों से विवाद हो गया था। इस झगड़े में सागर को चोटें आईं, जिसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए। साथ ही, देर रात ही आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
अचल सिंह का आरोप है कि अस्पताल से इलाज कराकर जब वे अपने भाई को लेकर गांव लौट रहे थे, तभी गली में पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उनके परिवार को घेर लिया। देखते ही देखते लाठी-डंडों से हमला शुरू कर दिया गया और इसके बाद ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। इसी दौरान अचल सिंह के ताऊ के बेटे आकाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा।
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में घायल आकाश को ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। परिवार ने बताया कि आकाश बीबीए प्रथम वर्ष का छात्र है और हमले के समय पूरी तरह निहत्था था। उनका कहना है कि आरोपी पहले से रंजिश रखे हुए थे और पुलिस में शिकायत करने से बौखलाकर उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में आरोपी सचिन, अमित और भूपेंद्र समेत चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
कोतवाली पुलिस ने दावा किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद भट्टा गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है, जबकि पीड़ित परिवार ने सुरक्षा की मांग की है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।