कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में सजा चार दिवसीय फ्लावर फेस्टिवल, सीएम ने किया उद्घाटन
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (03 March 2026): ‘दिल्ली का दिल’ कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में चार दिवसीय भव्य फ्लावर फेस्टिवल की शुरुआत हो गई है। NDMC द्वारा आयोजित इस रंगारंग उत्सव का उद्घाटन दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया। उद्घाटन के साथ ही पार्क में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक सजावट से सजा यह आयोजन राजधानीवासियों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है।
फेस्टिवल में करीब 15 हजार से अधिक पौधों को 48 अलग-अलग श्रेणियों में प्रदर्शित किया गया है। इनमें फोलिएज प्लांट्स, मौसमी फूल, सब्जियों और फलों के पौधे, कैक्टस और सक्युलेंट्स शामिल हैं। पेटूनिया, डहेलिया, साल्विया, गेंदा और ट्यूलिप जैसे फूलों ने पूरे पार्क को रंगों से भर दिया है। बड़े-बड़े गमलों, हैंगिंग बास्केट, ट्रे गार्डन और कट फ्लावर सेक्शन ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया है। कई गमलों में ट्यूलिप भी प्रदर्शित किए गए हैं, जो दर्शकों के बीच खास आकर्षण बने हुए हैं।
फेस्टिवल की सबसे खास झलक फूलों से तैयार की गई जानवरों और पक्षियों की आकृतियां हैं। हाथी, घोड़ा, शेर, हिरण, तितली और मोर जैसी रंगीन संरचनाएं लोगों को खूब लुभा रही हैं। एक विशाल सिलेंडरनुमा स्ट्रक्चर, पिरामिड और विशेष सेल्फी प्वाइंट भी तैयार किए गए हैं, जहां लोग परिवार और दोस्तों के साथ तस्वीरें खिंचवा रहे हैं। कूड़े की ट्रॉली में फूल सजाकर स्वच्छता का संदेश भी दिया गया है, जो लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।

उद्घाटन के मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस वर्ष एनडीएमसी क्षेत्र में पहले से अधिक सुंदर पौधारोपण और बागवानी की गई है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि राजधानी को बड़े आयोजनों के दौरान सजाने में एनडीएमसी की भूमिका महत्वपूर्ण रहती है। उन्होंने अपील की कि दिल्ली को और अधिक हरा-भरा और स्वच्छ बनाने के लिए सभी नागरिक आगे आएं। उनका लक्ष्य पूरी राजधानी को सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाना है, ताकि देश-विदेश से आने वाले लोग इसकी खूबसूरती का अनुभव कर सकें।
एनडीएमसी के चेयरमैन केशव चंद्रा ने कहा कि परिषद की परंपरा रही है कि होली के आगमन पर नई दिल्ली को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया जाता है। उन्होंने बताया कि सेंट्रल पार्क में आयोजित यह प्रदर्शनी बागवानी विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों की अथक मेहनत का परिणाम है। उनका कहना था कि एनडीएमसी नई दिल्ली को विश्वस्तरीय मानकों के अनुरूप हरा-भरा और आकर्षक बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि जी-20 समिट और एआई समिट जैसे बड़े आयोजनों के दौरान बागवानी विभाग ने राजधानी की छवि को और निखारा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत @2047 के विज़न के अनुरूप एनडीएमसी नई दिल्ली को सांस्कृतिक विरासत, पर्यावरण जागरूकता और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति का प्रतीक बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
फ्लावर फेस्टिवल देखने आईं द्वारका निवासी शिवानी ने बताया कि वह खास तौर पर यह आयोजन देखने पहुंचीं। उनके अनुसार, यहां की सजावट देखकर ऐसा लग रहा है मानो फूलों की होली खेली जा रही हो। उन्होंने कहा कि पेटूनिया और डहेलिया की इतनी विविध किस्में उन्होंने पहली बार एक साथ देखी हैं। वहीं उपमा माथुर ने कहा कि कनॉट प्लेस घूमने के दौरान जब उन्हें इस फेस्टिवल की जानकारी मिली तो अंदर आकर दृश्य देखकर मन प्रसन्न हो गया।

एक अन्य आगंतुक राजीव कुमार ने बताया कि हर पौधे के साथ नेम प्लेट लगी होने से बच्चों को नई जानकारी मिलती है, जिससे यह आयोजन शैक्षणिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बन गया है। उन्होंने तितली और मोर की आकृतियों को बेहद आकर्षक बताया। कैक्टस और सक्युलेंट्स का अलग सेक्शन भी लोगों को प्रकृति की विविधता का अनुभव करा रहा है। कुल मिलाकर, सेंट्रल पार्क में सजा यह फ्लावर फेस्टिवल राजधानी में वसंत के आगमन का जीवंत उत्सव बन गया है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।