डबल डेकर ई-टूरिस्ट बस से राजधानी के पर्यटन को नई उड़ान

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (27 फरवरी 2026): मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने शुक्रवार को रफी मार्ग से अत्याधुनिक डबल डेकर इलेक्ट्रिक टूरिस्ट बस सेवा ‘देखो मेरी दिल्ली’ को हरी झंडी दिखाकर राजधानी के पर्यटन क्षेत्र में एक नई शुरुआत की। इस अवसर पर पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा (Kapil Mishra) भी उपस्थित रहे। दोनों ने संयुक्त रूप से 63-सीटर डबल डेकर बस का अनावरण किया, जो आधुनिक सुविधाओं, उन्नत सुरक्षा व्यवस्था (Advanced Safety System) और पैनोरमिक अपर डेक (Panoramic Upper Deck) से सुसज्जित है।

कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री, पर्यटन मंत्री, मीडिया प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बस में सवार होकर रफी मार्ग से इंडिया गेट, अकबर रोड और तीन मूर्ति मार्ग होते हुए प्रधानमंत्री संग्रहालय तक यात्रा की। मुख्यमंत्री ने इसे सार्वजनिक-निजी सहभागिता (PPP Model) का सफल उदाहरण बताते हुए कहा कि यह पहल दिल्ली को विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य (Global Tourism Destination) के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि ‘विकास भी, विरासत भी’ के विजन से प्रेरित होकर सरकार आधुनिक विकास के साथ ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण (Heritage Conservation) पर समान रूप से कार्य कर रही है। शून्य-उत्सर्जन (Zero Emission) आधारित यह ई-बस सतत विकास (Sustainable Development), हरित परिवहन (Green Transport) और स्वच्छ पर्यटन (Clean Tourism) को बढ़ावा देगी।

पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि यह सेवा दिल्ली को ‘ट्रांजिट सिटी’ से ‘डेस्टिनेशन सिटी’ में परिवर्तित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में 1,200 से अधिक स्मारक हैं और आने वाले समय में इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल जैसे वैश्विक आयोजनों के माध्यम से टूरिज्म, कॉन्सर्ट इकोनॉमी (Concert Economy) और क्रिएटर इकोनॉमी (Creator Economy) को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

दिल्ली पर्यटन विभाग द्वारा हिंदुजा कंपनी के सहयोग से शुरू की गई यह बस सेवा दिल्ली हाट-आईएनए से प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे प्रारंभ होगी। निर्धारित सर्किट के तहत बस विजय चौक, राष्ट्रपति भवन, नॉर्थ ब्लॉक, साउथ ब्लॉक, नेशनल म्यूजियम, नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट, प्रधानमंत्री संग्रहालय, नेशनल वॉर मेमोरियल और इंडिया गेट से होकर पुनः दिल्ली हाट-आईएनए पहुंचेगी।

बस का किराया 500 रुपये (साथ में 5% GST) निर्धारित किया गया है, जबकि 5 से 10 वर्ष के बच्चों के लिए 300 रुपये (साथ में 5% GST) रखा गया है। पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए यात्रा निःशुल्क होगी। टिकट ऑनलाइन दिल्ली पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से तथा विभिन्न अधिकृत केंद्रों से ऑफलाइन उपलब्ध होगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।