प्रयागराज महाकुंभ में यमुना प्राधिकरण की झलकियां, मंत्री गोपाल गुप्ता नंदी ने किया स्टॉल्स का उद्घाटन
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (21 जनवरी 2025): प्रयागराज के महाकुंभ मेले में उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री गोपाल गुप्ता नंदी ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉल्स का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मंत्री को स्टाफ ऑफिसर नंदकिशोर सुन्द्रियाल और तहसीलदार हरि प्रताप ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। प्रदर्शनी में प्राधिकरण की प्रमुख औद्योगिक परियोजनाओं जैसे मेडिकल डिवाइसेज पार्क, अपेरल पार्क और सेमीकंडक्टर पार्क को प्रदर्शित किया गया। मंत्री को इन योजनाओं की प्रगति और उनके संभावित लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मंत्री गोपाल गुप्ता नंदी ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की विभिन्न औद्योगिक योजनाओं की सराहना की। उन्होंने सेक्टर 21 में विकसित होने वाली इंटरनेशनल फिल्म सिटी, सेक्टर 32 और 33 में प्रस्तावित एमएसएमई और हैंडीक्राफ्ट पार्क, और सेक्टर 10 व 28 में सेमीकंडक्टर पार्क के निर्माण को प्राधिकरण की दूरदर्शी योजनाओं का हिस्सा बताया। मंत्री ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना का भी अवलोकन किया और इसे क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर बताया।
प्रदर्शनी में प्रियागोल्ड, पतंजलि और बेबव्यू भूटानी प्राइवेट लिमिटेड जैसे प्रमुख ब्रांड्स ने अपने उत्पाद और योजनाएं प्रस्तुत कीं। इंटरनेशनल फिल्म सिटी के स्टॉल्स ने आगंतुकों को विशेष रूप से आकर्षित किया। पतंजलि के उत्पादों को भी मेले में आए लोगों ने खूब सराहा।
मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण पश्चिमी उत्तर प्रदेश में विकास की नई संभावनाओं को जन्म देगा। यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण की औद्योगिक योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र और प्रदेश में रोजगार के अवसरों में इजाफा होगा। उन्होंने प्राधिकरण के प्रयासों और प्रदर्शनी में लगाए गए स्टॉल्स की तारीफ करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल योजनाओं की जानकारी देते हैं, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी प्रोत्साहित करते हैं।
इस अवसर पर केएस अवस्थी (ओएसडी), नंदकिशोर सुन्द्रियाल (स्टाफ ऑफिसर), हरि प्रताप (तहसीलदार), दामोदर मिश्रा (भूटानी ग्रुप), शिवेंद्र मिश्रा, विवेकानंद मिश्रा और अंकित सिंह (पतंजलि ग्रुप) समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। महाकुंभ मेले में बड़ी संख्या में आगंतुकों ने इन प्रदर्शनी स्टॉल्स का अवलोकन किया और प्राधिकरण की योजनाओं में रुचि दिखाई।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।