कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्रा जिया का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (25/02/2026): बालिका शिक्षा के क्षेत्र में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि सामने आई है। जनपद गौतम बुद्ध नगर के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, चिटेहरा दादरी की मेधावी छात्रा जिया का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह चयन मेरठ में आयोजित मंडल स्तरीय बाल उत्सव के दौरान किया गया, जिससे विद्यालय के साथ-साथ पूरे जनपद में गर्व और प्रसन्नता का माहौल है।
दिनांक 24 फरवरी 2026 को मेरठ स्थित ओएक ट्री रिसोर्ट में “प्रगति, स्वाभिमान और सफलता की ओर 2.0” विषय पर मंडल स्तरीय बाल उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मेरठ मंडल के छह जनपदों से चयनित कुल 60 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता, बौद्धिक क्षमता और आत्मविश्वास का प्रभावी प्रदर्शन किया।
इस उत्सव में चयनित छात्रा जिया अब 28 फरवरी को लखनऊ में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद गौतम बुद्ध नगर का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनकी इस उपलब्धि को बालिका शिक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम का आयोजन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार के मार्गदर्शन तथा जिला बालिका शिक्षा समन्वयक विनय प्रकाश सिंह के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर सुगमकर्ता अफसाना को उनके उत्कृष्ट योगदान और सक्रिय सहभागिता के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक, प्रथम मंडल मेरठ ओंकार शुक्ल एवं मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक दिनेश कुमार यादव ने जिला समन्वयक विनय प्रकाश सिंह को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनके प्रयासों की सराहना की।
इसके साथ ही जिला एवं ब्लॉक स्तर पर बालिका शिक्षा को सुदृढ़ करने में योगदान देने वाले नोडल अधिकारियों—आरती कुलश्रेष्ठ, ज्योतिर्मय पांडेय, महेश कुमार, अर्चना पांडेय, अनामिका शर्मा एवं एम.टी. ममता शर्मा—को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एल्युमिनाई छात्रा ज्योति एवं उनके अभिभावक उमेश को भी बालिका शिक्षा के प्रति प्रेरक योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने छात्रा जिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह सफलता केवल एक छात्रा की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे जनपद के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने विद्यालय परिवार और सुगमकर्ताओं को भी बधाई दी।
उल्लेखनीय है कि जनपद में बालिका शिक्षा को नवाचार, आत्मनिर्भरता और सर्वांगीण विकास से जोड़ने के लिए जिला व ब्लॉक स्तर पर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। “प्रगति, स्वाभिमान और सफलता की ओर 2.0” जैसे आयोजन बालिकाओं में आत्मविश्वास जगाने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।