रंगों का मेला: सिटी पार्क में 26 फरवरी से भव्य पुष्प प्रदर्शनी | Greater Noida Authority
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (25/02/2026): इस वीकेंड ग्रेटर नोएडा का सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क (City Park) रंग-बिरंगे फूलों की खुशबू से महकने वाला है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर 26 फरवरी से 01 मार्च तक चार दिवसीय भव्य पुष्प प्रदर्शनी (Flower Exhibition) का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान पूरा सिटी पार्क फूलों की आकर्षक सजावट और थीम आधारित संरचनाओं से सुसज्जित नजर आएगा, जहां प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा गया है।
पुष्प प्रदर्शनी में इस बार खास तौर पर फूलों से तैयार की गई अनोखी आकृतियां आकर्षण का केंद्र होंगी। इनमें भारत माता के माथे पर तिलक लगाते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की झलक, राष्ट्रीय पक्षी मोर, शेर, हार्ट शेप समेत कई कलात्मक डिजाइन शामिल हैं। पार्क में एक लाख से अधिक मौसमी फूलों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिससे पूरा वातावरण रंगीन और सुगंधित हो उठेगा। इस वर्ष प्रदर्शनी की थीम ‘कैलेंडुला’ रखी गई है, जिसके तहत शहर के प्रमुख मार्गों, गोलचक्करों, हरित क्षेत्रों और सेंट्रल वर्ज पर भी कैलेंडुला के पौधे लगाए गए हैं।
इस आयोजन को और खास बनाने के लिए पहली बार ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा, जो दर्शकों के लिए प्रमुख आकर्षण रहेगा। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी भरमार रहेगी, जिसमें नृत्य, संगीत, कविता और नुक्कड़ नाटक जैसी प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और कबाड़ के पुनः उपयोग का संदेश भी दिया जाएगा। शहर के छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे यह आयोजन सामाजिक और शैक्षणिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बन जाएगा।
प्राधिकरण की ओर से शहर के 40 गोलचक्कर, 45 हरित क्षेत्र और 17 सेंट्रल वर्ज को एडॉप्शन पर दिया गया है, जिससे पूरे शहर में हरियाली और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा मिला है। प्रदर्शनी में आधुनिक तकनीक की झलक भी देखने को मिलेगी, जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स से जुड़े मॉडल भी प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके साथ ही दर्शकों के लिए खाने-पीने के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिससे परिवार के साथ घूमने आने वालों को पूरा मनोरंजन मिल सके।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने बताया कि पुष्प प्रदर्शनी की तैयारियां तेजी से चल रही हैं और समय से सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक सभी के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा और इसमें जनसहभागिता बेहद जरूरी है। प्राधिकरण द्वारा दर्शकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
चार दिनों तक चलने वाली यह पुष्प प्रदर्शनी न केवल शहर की सुंदरता को बढ़ाएगी, बल्कि लोगों को प्रकृति के करीब आने का भी अवसर देगी। ऐसे में अगर आप इस वीकेंड कुछ खास और यादगार अनुभव करना चाहते हैं, तो सिटी पार्क की यह फूलों की दुनिया आपका इंतजार कर रही है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।