विस्थापित किसान परिवारों को रोजगार देने पर सख्त हुए जेवर विधायक, तय की डेडलाइन

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (24 February 2026): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida International Airport) परियोजना के लिए भूमि देने वाले किसानों के परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार देर शाम रबूपुरा स्थित कैंप कार्यालय में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह (Jewar MLA Dhirendra Singh) ने की।

बैठक में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड, यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (YIAPL) और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

विधायक धीरेंद्र सिंह ने दो टूक कहा कि जिन किसान परिवारों ने पीढ़ियों से चली आ रही अपनी जमीन एयरपोर्ट परियोजना के लिए सौंपी है, उन्हें रोजगार देना केवल एक वादा नहीं बल्कि संबंधित संस्थाओं की नैतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र किसान परिवारों के युवाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध प्रक्रिया के तहत शीघ्र नियुक्ति दी जाए। विधायक ने चेताया कि इस विषय में किसी भी तरह की ढिलाई या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक के दौरान रोजगार योजना की रूपरेखा, पात्रता की शर्तें, चयन की प्रक्रिया और क्रियान्वयन की समयसीमा पर विस्तार से चर्चा हुई। विधायक ने कहा कि, किसानों का योगदान केवल जमीन सौंपने तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास और भविष्य की बुनियाद रखने के लिए बड़ा बलिदान दिया है। ऐसे में उनके परिवारों को रोजगार में प्राथमिकता देना सामाजिक न्याय की दृष्टि से भी आवश्यक है।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि रोजगार प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता रखी जाए, ताकि किसी भी स्तर पर भ्रम या असंतोष की स्थिति न बने। साथ ही, चयन प्रक्रिया को सरल और व्यवहारिक बनाने पर भी जोर दिया गया, जिससे पात्र अभ्यर्थियों को अनावश्यक औपचारिकताओं का सामना न करना पड़े।

बैठक में यमुना प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश कुमार सिंह, एसीईओ शैलेंद्र भाटिया, विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी एच.पी. सिंह, अभिषेक शाही, दुर्गेश कुमार सिंह, नोएडा एयरपोर्ट की ओर से आशुतोष कुमार, एसीपी जेवर सार्थक सेंगर तथा कोतवाली प्रभारी संजय कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने विधायक को आश्वस्त किया कि किसान परिवारों को रोजगार देने की प्रक्रिया को जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार इसे प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। बैठक के अंत में यह भी संकेत दिया गया कि आने वाले दिनों में इस विषय पर प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि प्रभावित परिवारों को समय पर लाभ मिल सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।