ग्रेटर नोएडा वेस्ट में विराट हिंदू सम्मेलन, स्वामी प्रेमानंद महाराज रहे मुख्य अतिथि
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (22 February 2026): राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित हो रहे आयोजनों की श्रृंखला के अंतर्गत रविवार को सेक्टर-2, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक भव्य विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य हिंदू समाज में संगठन, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना तथा राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूकता को और सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रेरणा के अनुरूप देशभक्ति और सांस्कृतिक भावनाओं के साथ हुई। गांधार म्यूजिक अकादमी की शिक्षिका दीपा मिश्रा ने देशभक्ति गीत “ऐ मेरे वतन के लोगों, ज़रा आंख में भर लो पानी” की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच दीप प्रज्वलन किया गया।
सम्मेलन में बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। देवी-देवताओं की वेशभूषा में सजे छोटे बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें देखकर पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इन प्रस्तुतियों ने नई पीढ़ी में धर्म और संस्कृति के प्रति गर्व की भावना को और मजबूत किया।
महिलाओं ने भी सामूहिक देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से आयोजन को गरिमा प्रदान की। कार्यक्रम स्थल पर संघ द्वारा पिछले 100 वर्षों में किए गए कार्यों पर आधारित एक प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें साहित्य का वितरण भी किया गया।

स्वामी प्रेमानंद महाराज का संदेश
सम्मेलन के मुख्य अतिथि स्वामी प्रेमानंद महाराज (बगलामुखी आश्रम, हस्तिनापुर) ने अपने संबोधन में कहा कि इतिहास गवाह है कि हिंदू समाज को आपस में बांटकर कई बार दूसरों ने लाभ उठाया है। उन्होंने कहा, हमें इतिहास से सीख लेकर जातिवाद से ऊपर उठना होगा और एकजुट होकर हिंदू धर्म और संस्कृति की रक्षा करनी होगी।
मुख्य वक्ता राजकुमार, जिला कार्यवाह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (जिला गौतम बुद्ध नगर) ने समाज से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि सनातन धर्म 5000 वर्षों से भी अधिक पुराना है।
उन्होंने कहा, सनातन धर्म केवल एक धर्म नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है, जो मानवता और संस्कारों की शिक्षा देती है। कार्यक्रम के अध्यक्ष सत्येंद्र (मास्टर) ने अपने विचार रखते हुए कहा कि महिलाओं को अपनी शक्ति को पहचानने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, महिलाएं नवदुर्गा व्रत रखती हैं, लेकिन दुर्गा मां की शक्तियों से प्रेरणा लेकर उन्हें आत्मबल और साहस के साथ अन्याय का सामना करना चाहिए।

इस विराट हिंदू सम्मेलन में निराला ग्रीनशायर, सेक्टर-2, तुस्याना, पतवारी, चौगानपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से लगभग 500 लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में भगत सिंह नगर के संघचालक शिवकुमार, नगर कार्यवाह नितिन, बृजकिशोर, प्रवीन, दीपक, नरेंद्र सहित आयोजन समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन समिति के सामूहिक प्रयासों से यह सम्मेलन अत्यंत भव्य, अनुशासित और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहना के साथ स्मरणीय बताया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।