IHGF Fair 2026: विदेशी खरीदारों में 20% की बढ़ोतरी, 3 लाख कारीगरों को मिला वैश्विक मंच: IAS Neelam Shammi Rao
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (15/10/2026): ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित 62वें IHGF दिल्ली फेयर ऑटम 2026 में भारतीय हस्तशिल्प की वैश्विक पहचान और पारंपरिक कला की आधुनिक स्वरूप में प्रस्तुति देखने को मिल रही है। मेले के तीसरे दिन भी देश-विदेश के खरीदारों और प्रदर्शकों की भागीदारी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
कपड़ा मंत्रालय की सचिव नीलम शम्मी राव (IAS Neelam Shammi Rao) ने टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत में बताया कि इस वर्ष मेले में पिछले आयोजनों की तुलना में अधिक प्रदर्शक पहुंचे हैं, जबकि विदेशी खरीदारों की संख्या में भी 20 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि विभिन्न महाद्वीपों से खरीदार भारतीय हस्तशिल्प में रुचि दिखाने पहुंच रहे हैं। खास बात यह है कि इस बार नए खरीदार भी भारतीय उत्पादों की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
पारंपरिक कला और आधुनिक डिजाइन का संगम
नीलम शम्मी राव ने कहा कि IHGF दिल्ली फेयर में प्रदर्शित उत्पाद भारतीय हस्तशिल्प की समृद्ध परंपरा के साथ आधुनिक डिजाइन और बदलते वैश्विक रुझानों का भी परिचय देते हैं। उन्होंने बताया कि मेले में लगभग 3,000 प्रदर्शकों की भागीदारी के पीछे करीब 3 लाख कारीगरों की मेहनत, हुनर और रचनात्मकता जुड़ी हुई है। इन कारीगरों के हाथों से तैयार उत्पाद भारतीय कला और शिल्प कौशल को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
EPCH की भूमिका को सराहा
कपड़ा मंत्रालय की सचिव ने हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद (EPCH) के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि परिषद भारतीय हस्तशिल्प और कारीगरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने मेले के सफल आयोजन से जुड़े सभी लोगों को बधाई भी दी।
नए निर्यातकों और क्षेत्रीय कारीगरों को मिला अवसर
नीलम शम्मी राव ने बताया कि मेले में ऐसे कारीगरों को भी अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर दिया गया है, जिनमें भविष्य में निर्यातक बनने की क्षमता है। हस्तशिल्प विकास आयुक्त के सहयोग से पूर्वोत्तर भारत सहित विभिन्न राज्यों के कारीगरों ने अपने स्टॉल लगाए हैं और अपनी पारंपरिक कला का प्रदर्शन किया है।
उन्होंने कहा कि मेले में देश के लगभग हर राज्य और विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों की मौजूदगी भारतीय हस्तशिल्प की विविधता को दर्शाती है। इस तरह के आयोजन स्थानीय कारीगरों को व्यापक बाजार से जोड़ने, उनके उत्पादों को नई पहचान दिलाने और भारतीय हस्तशिल्प निर्यात को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
IHGF दिल्ली फेयर 2026 भारतीय कारीगरों के हुनर, पारंपरिक विरासत और आधुनिक रचनात्मकता को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।