ग्रेटर नोएडा में सीएम योगी रखेंगे उत्तर भारत की पहली यूनिट की आधारशिला
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (20/02/2026): उत्तर भारत में सेमीकंडक्टर उद्योग की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए 21 फरवरी को ग्रेटर नोएडा में पहली सेमीकंडक्टर निर्माण इकाई का शिलान्यास किया जाएगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यमुना विकास प्राधिकरण के सेक्टर-28 में प्रस्तावित सेमीकंडक्टर पार्क की आधारशिला रखेंगे।
यह अत्याधुनिक परियोजना Foxconn और HCL के संयुक्त उपक्रम ‘इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड’ द्वारा विकसित की जा रही है। करीब 48 एकड़ क्षेत्र में आकार लेने वाले इस सेमीकंडक्टर पार्क पर लगभग 4,000 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जिसमें से 3,706 करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष निवेश कंपनी द्वारा किया जाएगा।
शिलान्यास कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्तर की अहमियत मिली है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से समारोह से जुड़ेंगे, जबकि केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव कार्यक्रम में प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस दौरान एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
वीवीआईपी कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह और यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंच की संरचना, अतिथि दीर्घा, मीडिया गैलरी, पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया गया।
प्रशासन ने हैलीपैड क्षेत्र में सुरक्षा मानकों, बैरिकेडिंग, अग्निशमन वाहन और एंबुलेंस की तैनाती की भी समीक्षा की। संबंधित विभागों को निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और यातायात के सुचारू संचालन को समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आर्थिक दृष्टि से यह सेमीकंडक्टर पार्क उत्तर प्रदेश के लिए मील का पत्थर साबित होने वाला है। परियोजना से लगभग 3,000 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है, जबकि इससे जुड़े सहायक उद्योगों के विकसित होने से जेवर और आसपास का क्षेत्र एक नए औद्योगिक केंद्र के रूप में उभरेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इस इकाई के चालू होने से सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता को भी मजबूती मिलेगी, क्योंकि वाहन, कंप्यूटर, लैपटॉप और मोबाइल फोन जैसे आधुनिक उपकरणों में सेमीकंडक्टर की भूमिका बेहद अहम होती है।
मुख्यमंत्री के जेवर आगमन को देखते हुए यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। 21 फरवरी को सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक नोएडा–ग्रेटर नोएडा मार्ग और यमुना एक्सप्रेस-वे पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। यातायात पुलिस ने कार्यक्रम स्थल तक पहुंच के लिए वैकल्पिक रूट और अलग-अलग पार्किंग जोन निर्धारित किए हैं, जबकि आपातकालीन सेवाओं को इस प्रतिबंध से पूरी तरह मुक्त रखा गया है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।