दिल्ली में ‘बीयर जैसा पानी’, स्वाति मालीवाल का केजरीवाल सरकार पर तीखा हमला

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (20 जनवरी 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले राजधानी में पानी की गुणवत्ता का मुद्दा तूल पकड़ता जा रहा है। राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने दिल्ली के बादली क्षेत्र का दौरा कर नलों से आ रहे दूषित, मटमैले और बदबूदार पानी का वीडियो साझा किया। इस वीडियो के जरिए उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला और तंज कसते हुए कहा कि, “बाय वन, गेट वन फ्री शराब स्कीम के बाद अब नलों से बीयर सप्लाई की जा रही है।”

गंदे पानी से बीमार हो रहे लोग

वीडियो में स्थानीय निवासियों ने शिकायत की कि उन्हें इसी गंदे पानी से नहाना, खाना बनाना और पीना पड़ रहा है, जिससे लोगों को चर्म रोग, पेट की बीमारियां और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो रही हैं। एक महिला ने दावा किया कि दूषित पानी के कारण उसे ऑपरेशन तक कराना पड़ा। कई लोगों ने बताया कि वे अब बोतलबंद पानी खरीदने के लिए मजबूर हैं, जिससे उनके मासिक खर्चों में भारी इजाफा हो गया है।

मालीवाल का तीखा हमला – ‘घर-घर नल से बीयर योजना’

स्वाति मालीवाल ने नल से भरे मटमैले पानी को दिखाते हुए कहा कि “केजरीवाल सरकार की नई योजना है – घर-घर नल से बीयर पहुंचाओ।” उन्होंने केजरीवाल को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “दिल्ली के लोगों से साफ पानी का वादा किया गया था, लेकिन अब यहां गंदे पानी की सप्लाई हो रही है, जो बीमारियों की जड़ बन गया है।”

मालीवाल ने अपने वीडियो में केजरीवाल का एक पुराना बयान भी जोड़ा, जिसमें वे दावा कर रहे थे कि “दिल्ली में देश का सबसे साफ पानी सप्लाई किया जा रहा है।” इस पर पलटवार करते हुए मालीवाल ने कहा, “सरकार हकीकत से कट चुकी है। अगर इस पानी को पीने से बीमार हो जाएंगे, तो सरकार के वर्ल्ड क्लास अस्पताल तैयार हैं।”

चुनावी माहौल में गरमाया पानी का मुद्दा

विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे करीब आ रहे हैं, पानी की खराब गुणवत्ता का यह मुद्दा अब चुनावी बहस के केंद्र में आ गया है। मालीवाल ने मांग की है कि स्वच्छ पानी, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को चुनावी प्राथमिकता बनाया जाना चाहिए।

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि केजरीवाल सरकार इस पर क्या सफाई देती है और चुनाव से पहले इस गंभीर संकट का समाधान निकालने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।