भंडारे की खुशी बदली मातम में: तालाब में गिरकर 3 साल के बच्चे की मौत, जिम्मेदार कौन?
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (16/02/2026): ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दलेलगढ़ गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। गांव के एक तालाब में गिरकर तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे के बाद न सिर्फ परिवार में मातम पसरा है, बल्कि तालाब की जमीन को लेकर ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण और ग्रामीणों के बीच विवाद भी तेज हो गया है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक बच्चा देवांश अपने माता-पिता के साथ ननिहाल आया हुआ था। महाशिवरात्रि के अवसर पर गांव के मंदिर में भंडारे का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान देवांश खेलते-खेलते घर के पास स्थित तालाब की ओर चला गया और असंतुलित होकर पानी में गिर पड़ा। जब तक परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली और बच्चे को बाहर निकाला गया, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
देवांश मूल रूप से बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद का रहने वाला था। अचानक हुई इस घटना से परिवार पूरी तरह टूट गया। परिजनों ने गहरे सदमे के चलते न तो पोस्टमार्टम कराया और न ही पुलिस में कोई तहरीर दी। पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
हादसे के बाद तालाब की जिम्मेदारी और जमीन के स्वामित्व को लेकर विवाद गहरा गया। ग्रामीणों का आरोप है कि तालाब वाली जमीन ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधीन आती है और इसे लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की गई थीं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि तालाब के चारों ओर सुरक्षा इंतजाम या समय रहते कार्रवाई की जाती, तो मासूम की जान बचाई जा सकती थी।
वहीं दूसरी ओर, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इन आरोपों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि यह तालाब उनकी भूमि पर नहीं है। प्राधिकरण के अनुसार, जांच में सामने आया है कि संबंधित जमीन गांव के ही गंगाराम और धर्मवीर नामक किसानों के स्वामित्व में दर्ज है और तालाब निजी स्तर पर बनवाया गया है। ऐसे में देखरेख और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी निजी भूमि मालिकों की ही बनती है।
घटना की सूचना मिलने पर प्राधिकरण के वर्क सर्कल की टीम मौके पर पहुंची और राजस्व अभिलेखों की जांच की। जांच में यह पुष्टि हुई कि तालाब किसी भी प्रकार से सरकारी या प्राधिकरण की संपत्ति नहीं है। हालांकि, अधिकारियों ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
इस घटना ने एक बार फिर रिहायशी इलाकों के पास खुले और असुरक्षित तालाबों को लेकर प्रशासनिक सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मासूम की मौत ने यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि जमीन किसी की भी हो, लेकिन जनसुरक्षा को नजरअंदाज करने की कीमत कभी-कभी एक निर्दोष जान के रूप में चुकानी पड़ती है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।