दिल्ली में ‘आप’ की मुश्किलें बढ़ीं: तीन सीटों पर बागी नेताओं की बगावत से बिगड़े समीकरण
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (20 जनवरी 2025): आगामी विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) को तगड़ा झटका लगा है। पार्टी के तीन प्रमुख विधायकों ने टिकट कटने से नाराज होकर बगावत का बिगुल फूंक दिया है और निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया है। इन बागी नेताओं की नाराजगी से ‘आप’ की चुनावी गणित बिगड़ सकती है और भाजपा को इसका सीधा फायदा मिल सकता है।
देवली सीट पर प्रकाश जारवाल की बगावत
देवली सीट, जो अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है, पर पार्टी ने इस बार प्रेम कुमार चौहान को उम्मीदवार बनाया है। इससे नाराज तीन बार के विधायक और ‘आप’ के पुराने नेता प्रकाश जारवाल ने पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर दिया है। जारवाल का गहरा जनाधार और ‘आप’ के खिलाफ उनका कड़ा रुख पार्टी के लिए बड़ी परेशानी खड़ी कर सकता है।
हरिनगर सीट पर टिकट बेचने का आरोप
हरिनगर सीट से मौजूदा विधायक राजकुमारी ढिल्लो ने टिकट कटने के बाद पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने ‘आप’ नेतृत्व पर टिकट बेचने का आरोप लगाते हुए इसे जनता के सम्मान की लड़ाई बताया है। टिकट न मिलने से नाराज ढिल्लो ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है, जिससे इस सीट पर ‘आप’ के लिए चुनौती बढ़ गई है।
जनकपुरी में राजेश ऋषि का खुला विरोध
जनकपुरी सीट से दो बार के विधायक रहे राजेश ऋषि ने भी पार्टी के खिलाफ खुलकर नाराजगी जताई है। उन्होंने दावा किया है कि टिकट के बदले उनसे 5 करोड़ रुपये की मांग की गई थी। टिकट न मिलने के बाद उन्होंने पार्टी से बगावत कर निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। ऋषि का प्रभावशाली जनसंपर्क और जनता के बीच मजबूत पकड़ ‘आप’ के लिए इस सीट पर मुश्किलें खड़ी कर सकती है।
चुनावी समीकरण हुए पेचीदा
इन तीनों सीटों पर बागी उम्मीदवारों के चुनावी मैदान में उतरने से ‘आप’ के समीकरण गड़बड़ा सकते हैं। भाजपा पहले ही इन सीटों पर मजबूती से चुनावी रणनीति बना रही थी, ऐसे में पार्टी के बागी नेताओं का विरोध ‘आप’ के लिए भारी पड़ सकता है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आम आदमी पार्टी इन बागी नेताओं को मनाने में सफल होती है या दिल्ली की चुनावी राजनीति में यह बगावत ‘आप’ को भारी पड़ती है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।