कालिंजर महोत्सव 2026: 15 से 17 फरवरी तक बांदा में सजेगा संस्कृति, संगीत और खेल का महाकुंभ

टेन न्यूज़ नेटवर्क

National News (15/02/2026): बुंदेलखंड (Bundelkhand) की ऐतिहासिक पहचान को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से बांदा जनपद में आज से 15 से 17 फरवरी तक तीन दिवसीय कालिंजर महोत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। ‘इतिहास की गूंज, संस्कृति की आत्मा’ थीम पर आधारित यह आयोजन कटरा कालिंजर मेला ग्राउंड में जिला प्रशासन एवं जिला पर्यटन-संस्कृति परिषद के संयुक्त तत्वावधान में होगा।

महोत्सव में लोक संस्कृति, आधुनिक प्रस्तुतियों और खेल गतिविधियों का समन्वय देखने को मिलेगा। आयोजन का उद्देश्य क्षेत्रीय कला, परंपराओं और ऐतिहासिक धरोहर को व्यापक मंच प्रदान करना है।

लोक परंपराओं का उत्सव

महोत्सव के दौरान प्रतिदिन अपराह्न चार बजे से सायं छह बजे तक ‘स्थानीय सांस्कृतिक धरोहर’ कार्यक्रम के अंतर्गत बुंदेली लोकनृत्य, लोकगायन, आल्हा गायन, भजन और पारंपरिक गीत प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके माध्यम से क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यह आयोजन बुंदेलखंड की कला और संस्कृति को नई पहचान देने का अवसर है।

‘आज की शाम कालिंजर के नाम’ बनेगा आकर्षण

प्रतिदिन शाम छह बजे से रात्रि दस बजे तक सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। 15 फरवरी को तृप्ति शाक्या एंड ग्रुप प्रस्तुति देंगे। 16 फरवरी को साधो द बैंड एंड ग्रुप और राधा श्रीवास्तव एंड ग्रुप मंच संभालेंगे। 17 फरवरी को ममता शर्मा और राजा रेन्चो समापन संध्या को खास बनाएंगे।
इन प्रस्तुतियों में लोक, भक्ति और आधुनिक संगीत का संगम देखने को मिलेगा।

‘बांदा गॉट टैलेंट’ से उभरेंगी स्थानीय प्रतिभाएं

दोपहर एक बजे से तीन बजे तक ‘बांदा गॉट टैलेंट’ कार्यक्रम आयोजित होगा। पहले दिन विद्यालय स्तर, दूसरे दिन महाविद्यालय स्तर और तीसरे दिन जनपद स्तरीय विजेता प्रतिभागी मंच पर प्रस्तुति देंगे। यह पहल स्थानीय युवाओं को अपनी कला दिखाने का अवसर प्रदान करेगी।

खेल महोत्सव में युवा जोश

प्रतिदिन प्रातः आठ बजे से अपराह्न चार बजे तक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जिसमें 15 फरवरी को खो-खो, 16 फरवरी को कबड्डी और 17 फरवरी को दंगल होगा।‌ खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में प्रतिस्पर्धा और टीम भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।

सरस मेला और महिला समूहों की भागीदारी

महोत्सव के अंतर्गत मंडलीय सरस मेले का भी आयोजन होगा, जिसमें राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। विभिन्न विभागों के स्टॉल, सम्मेलन और गोष्ठियां भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगी।

पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल

अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने कहा कि यह महोत्सव बुंदेलखंड की ऐतिहासिक चेतना और जनभागीदारी का प्रतीक है। हाल ही में गणतंत्र दिवस की झांकी में कालिंजर किला को प्रमुखता से प्रदर्शित किए जाने के बाद इस क्षेत्र की पहचान को और मजबूती मिली है।‌ उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय अर्थव्यवस्था सशक्त होगी और सांस्कृतिक पहचान को संरक्षण मिलेगा। तीन दिनों तक चलने वाला यह महोत्सव इतिहास, संस्कृति, कला और खेल का समन्वित उत्सव बनकर उभरेगा, जो बुंदेलखंड की विरासत को नई ऊंचाई देने का कार्य करेगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।