अमेरिका-भारत व्यापार समझौते के खिलाफ भाकियू का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (12/02/2026): अमेरिका और भारत के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को किसान हितों के लिए घातक बताते हुए भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने सोमवार को जोरदार विरोध दर्ज कराया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने गौतम बुद्ध नगर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनुराग सारसवत्स को सौंपा।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला अध्यक्ष रॉबिन नागर ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में किसान संगठन इस समझौते के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठा रहे हैं। भाकियू का स्पष्ट मत है कि यह व्यापार समझौता भारतीय कृषि व्यवस्था, छोटे किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।

रॉबिन नागर ने बताया कि अमेरिका की कृषि प्रणाली भारी सरकारी सब्सिडी और अत्याधुनिक मशीनों पर आधारित है। यदि भारत सोयाबीन, मक्का, गेहूं, दालों और डेयरी उत्पादों पर आयात शुल्क में कटौती करता है, तो अमेरिकी कृषि उत्पाद कम कीमत पर भारतीय बाजारों में पहुंच जाएंगे। इससे देश के किसान, जो पहले से ही न्यूनतम समर्थन मूल्य और लागत बढ़ोतरी से जूझ रहे हैं, असमान प्रतिस्पर्धा में कमजोर पड़ जाएंगे।

उन्होंने विशेष रूप से डेयरी क्षेत्र को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि भारत की दुग्ध उत्पादन व्यवस्था सहकारी मॉडल और छोटे पशुपालकों पर आधारित है। अमेरिकी डेयरी उत्पादों के खुले आयात से लाखों छोटे दुग्ध उत्पादकों की आजीविका पर सीधा असर पड़ेगा, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गहरा नुकसान हो सकता है।

बीज और कृषि तकनीक के मुद्दे पर भी भाकियू ने कड़ा रुख अपनाया। नागर ने कहा कि अमेरिका में पेटेंट आधारित बीज और बौद्धिक संपदा कानूनों के जरिए कृषि पर बड़ी कंपनियों का नियंत्रण है, जबकि भारत में किसान आज भी पारंपरिक बीजों के संरक्षण और उपयोग पर निर्भर हैं। यदि बहुराष्ट्रीय कंपनियों का दबदबा बढ़ा, तो किसानों की बीज संबंधी स्वतंत्रता समाप्त हो सकती है और उन्हें महंगे बीजों पर निर्भर होना पड़ेगा।

इस अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी सुनील प्रधान ने कहा कि यह समझौता केवल अंतरराष्ट्रीय व्यापार का विषय नहीं है, बल्कि इससे किसान की आमदनी, ग्रामीण रोजगार, खाद्य सुरक्षा और देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता जुड़ी हुई है। उन्होंने मांग की कि सरकार किसान संगठनों की आशंकाओं को गंभीरता से लेते हुए अमेरिका-भारत व्यापार समझौते को तत्काल रद्द करे। भाकियू ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की आवाज को अनसुना किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर तेज किया जाएगा।

इस अवसर पर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता धर्मपाल स्वामी, धर्मेंद्र, राजमल, विनोद पंडित, इंद्रीश चेची, लाला यादव, अमित डेढ़ा, ललित चौहान, अमित, सचिन, गजराज भाटी, अरविंद लोहिया, सत्य भाटी, योगेश भाटी सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे और उन्होंने एक स्वर में समझौते के विरोध में नारेबाजी की।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।