चुनावी बजट ने वित्तविहीन शिक्षकों को फिर किया निराश: डॉ. कुलदीप मलिक

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (12/02/2026): उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा विधानसभा में प्रस्तुत किए गए बजट को लेकर वित्तविहीन शिक्षा व्यवस्था से जुड़े शिक्षक और प्रबंधक गहरी निराशा में हैं। शिक्षक नेता और ‘शिक्षा पर चर्चा’ कार्यक्रम के संस्थापक डॉ. कुलदीप मलिक ने कहा कि इस बजट से प्रदेश में कार्यरत करीब तीन लाख वित्तविहीन शिक्षकों की उम्मीदों को करारा झटका लगा है।

डॉ. मलिक के अनुसार वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 9.13 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया, जिसे अब तक का सबसे बड़ा बजट बताया जा रहा है। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि इस विशाल बजट में वित्तविहीन शिक्षकों के लिए मात्र एक रुपये का प्रावधान कर सरकार ने शिक्षकों की भावनाओं का मजाक उड़ाया है। उन्होंने कहा कि बजट का आकार पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 12.2 प्रतिशत अधिक होने के बावजूद वित्तविहीन शिक्षकों के लिए इसमें कोई ठोस योजना या राहत शामिल नहीं की गई।

डॉ. मलिक ने कहा कि यह बजट 18वीं विधानसभा के दौरान प्रस्तुत किया गया और योगी सरकार के मौजूदा कार्यकाल का अंतिम बजट भी था। ऐसे में इसे चुनावी बजट माना जा रहा था और वित्तविहीन शिक्षक वर्ग को इससे विशेष अपेक्षाएं थीं। लेकिन सरकार ने उनकी समस्याओं और मांगों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया, जिससे शिक्षकों और प्रबंधकों में निराशा का माहौल है।

उन्होंने कहा कि वर्षों से वित्तविहीन शिक्षक न्यूनतम मानदेय, सेवा सुरक्षा और सामाजिक सम्मान जैसी मूलभूत मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार हर बार उन्हें अनदेखा करती आ रही है। इस बजट ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि सरकार की प्राथमिकताओं में वित्तविहीन शिक्षा व्यवस्था शामिल नहीं है।

डॉ. कुलदीप मलिक ने स्पष्ट किया कि सरकार के इस रवैये के बावजूद वह वित्तविहीन शिक्षकों और प्रबंधकों के हितों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक शिक्षकों को उनका हक नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन और संवाद दोनों स्तरों पर उनकी आवाज बुलंद की जाती रहेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।