दिल्ली में ड्रग्स माफिया पर बड़ा प्रहार, 75 तस्करों की संपत्ति जब्त

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (12 February 2026): राजधानी को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत दिल्ली पुलिस ने सवा दो साल में 75 ड्रग्स माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। वित्तीय जांच के जरिए अब तक 29.13 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की जा चुकी है। इनमें से 40 माफियाओं द्वारा बिल्डिंग बायलाज का उल्लंघन कर बनाई गई इमारतों को बुलडोजर से ढहा दिया गया। पुलिस ने 20 वाहनों के परमिट भी रद्द कराए हैं। नौ अन्य मामलों में वित्तीय जांच अंतिम चरण में है, जिनमें 3.28 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त किए जाने की तैयारी है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ड्रग्स के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए PIT NDPS एक्ट 1988 के तहत भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। यह कानून उन अपराधियों पर लगाया जाता है जो लगातार नशे के कारोबार में लिप्त पाए जाते हैं और जिनका जेल में रहना जरूरी समझा जाता है। इस एक्ट के तहत आरोपियों को एक साल से अधिक समय तक जमानत नहीं मिल पाती। वर्ष 2021 से अब तक 30 ड्रग्स माफिया पर PIT NDPS लगाया जा चुका है, जबकि इस साल 18 नए प्रस्ताव स्क्रीनिंग कमेटी को भेजे गए हैं, जिनमें नौ को मंजूरी मिल चुकी है।

अधिकारियों ने बताया कि अक्टूबर 2023 में गृह मंत्रालय से संपत्तियों की जब्ती की अनुमति मिलने के बाद कार्रवाई और तेज हुई। इसके बाद 2023 में तीन, 2024 में 28 और 2025 में 44 ड्रग्स माफिया के खिलाफ वित्तीय जांच पूरी कर उनकी संपत्तियां जब्त की गईं। जांच के दौरान बैंक खातों में जमा रकम, जेवरात और अन्य चल-अचल संपत्तियों का ब्यौरा खंगाला जाता है, ताकि अवैध कमाई को पूरी तरह जब्त किया जा सके।

पुलिस के अनुसार, जिन 75 माफियाओं की संपत्ति जब्त की गई है, उनमें से अधिकांश बाहरी दिल्ली और यमुनापार की जेजे कॉलोनियों में सक्रिय थे। अवैध कमाई से बनाई गई 40 इमारतों को ध्वस्त कर यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि ड्रग्स के कारोबार से अर्जित संपत्ति सुरक्षित नहीं रहेगी। दिल्ली पुलिस का कहना है कि आगे भी वित्तीय जांच और कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि नशे के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।