मेरठ–दिल्ली हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार सब्जी ट्रक ने मचाई तबाही

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (10/02/2026): नोएडा के थाना सेक्टर-58 क्षेत्र में सोमवार रात मेरठ–दिल्ली हाईवे पर एक के बाद एक हुई टक्करों ने सड़क को हादसों का मैदान बना दिया। तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते हुए इस भीषण सड़क हादसे में दो ट्रक चालकों की मौके पर गंभीर चोटों के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल होकर अस्पताल में इलाजरत हैं।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा मेरठ से दिल्ली की ओर आने वाली बीच की लेन पर उस समय हुआ, जब एक पिकअप वाहन पीछे से चल रहे एक ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन का चालक केबिन में फंस गया।

घटना को देखकर मौके पर मौजूद तीन ट्रक चालकों ने मानवीयता दिखाते हुए अपने-अपने ट्रक सड़क किनारे खड़े किए और फंसे हुए पिकअप चालक को बाहर निकालने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान पीछे से आ रहा एक तेज रफ्तार सब्जी से लदा ट्रक अचानक नियंत्रण खो बैठा और राहत कार्य में जुटे तीनों ट्रक चालकों को टक्कर मार दी।

इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान देवेंद्र (34 वर्ष), निवासी ढकिया हमीद नगर, शाहजहांपुर और गोविंद चौहान (लगभग 35 वर्ष), निवासी आजमगढ़ की मौत हो गई।

वहीं, वीरेंद्र यादव (24 वर्ष), निवासी शाहजहांपुर, साहिल (बागपत) और हरिओम (35 वर्ष), निवासी मंगोलपुरी दिल्ली की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-58 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए यातायात को नियंत्रित किया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को एनएचएआई की क्रेन की सहायता से सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।

पुलिस ने हादसे के लिए जिम्मेदार सब्जी से लदे ट्रक के चालक को हिरासत में ले लिया है, जबकि ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।

थाना सेक्टर-58 पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटनास्थल पर शांति व्यवस्था बनी हुई है, और पुलिस द्वारा आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।