T20 World Cup 2026: ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, घर से निकलने से पहले जान लें पूरी डिटेल्स
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (10 February 2026): राजधानी दिल्ली में आज टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच देखने को मिलेगा। फिरोजशाह कोटला स्थित अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले मैच को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यह एडवाइजरी 10 फरवरी से 1 मार्च 2026 के बीच होने वाले सभी मैचों के दौरान लागू रहेगी, ताकि स्टेडियम के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक मैच के दिनों में सुबह 9 बजे से रात 11:30 बजे तक स्टेडियम के आसपास ट्रैफिक डायवर्जन और प्रतिबंध लागू रहेंगे। फरवरी में 10, 12, 13, 16 और 18 तारीख तथा मार्च में 1 तारीख को ये व्यवस्थाएं प्रभावी रहेंगी। विशेष रूप से 13 फरवरी और 1 मार्च को दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक, जबकि 12 फरवरी को शाम 6 बजे से रात 11:30 बजे तक अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। मैच शुरू होने से एक घंटा पहले और समाप्ति के एक घंटे बाद तक भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।
मैच के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। इनमें राजघाट से जेएलएन मार्ग, आसफ अली रोड (तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट तक) और बहादुरशाह जफर मार्ग (आईटीओ चौक से दिल्ली गेट तक) शामिल हैं। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इन इलाकों से गुजरते समय वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और अनावश्यक रूप से इन सड़कों पर न आएं।
स्टेडियम में प्रवेश के लिए गेटवार व्यवस्था भी तय की गई है। गेट नंबर 1 से 8 तक प्रवेश बहादुरशाह जफर मार्ग की ओर से होगा। गेट नंबर 10 से 15 के लिए दर्शकों को आंबेडकर स्टेडियम बस टर्मिनल के पास जेएलएन मार्ग से प्रवेश करना होगा। वहीं गेट नंबर 16, 17 और 18 का प्रवेश बहादुरशाह जफर मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप के पास से निर्धारित किया गया है। पार्किंग लेबल वाले वाहनों के लिए माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस रोड और वेलोड्रोम रोड के नीचे पार्किंग की व्यवस्था है, जबकि आम जनता के लिए इन्हीं स्थानों पर निशुल्क पार्किंग उपलब्ध कराई गई है। प्रतिबंधित इलाकों में गलत पार्किंग करने पर वाहन टो कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा कारणों से स्टेडियम में कड़ी जांच होगी और दर्शक लैपटॉप, कैमरा, बैग, खाने-पीने का सामान, पानी की बोतल, पावर बैंक, हेलमेट या किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु नहीं ले जा सकेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निजी वाहनों के बजाय दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करें। स्टेडियम के नजदीकी मेट्रो स्टेशन दिल्ली गेट और आईटीओ हैं, जहां से पैदल आसानी से अरुण जेटली स्टेडियम पहुंचा जा सकता है।

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।