New Delhi News (09 February 2026): राजधानी दिल्ली ने सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए 500 नई इलेक्ट्रिक बसों को अपने बेड़े में शामिल किया है। रविवार को रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अन्य मंत्रियों के साथ इन ई-बसों को हरी झंडी दिखाई। इस पहल के साथ दिल्ली में इलेक्ट्रिक बसों की कुल संख्या बढ़कर 4,286 हो गई है, जिससे राजधानी दिल्ली ने महाराष्ट्र को पीछे छोड़ते हुए देश में ई-बसों के मामले में पहला स्थान हासिल कर लिया है।
इस अवसर पर बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने धैर्यपूर्ण और दूरदर्शी कूटनीतिक प्रयासों से यह समझौता किया, जिससे किसानों और मजदूरों के हितों की रक्षा हुई है। नितिन नवीन ने इसे देश के आत्मसम्मान को बढ़ाने वाला कदम बताते हुए कहा कि वैश्विक मंच पर भारत की साख और मजबूत हुई है।
नितिन नवीन ने दिल्ली सरकार के कामकाज की भी खुलकर तारीफ की और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने केवल बड़े-बड़े वादे, घोषणाएं और होर्डिंग लगाए, लेकिन जमीन पर ठोस नतीजे नहीं दिखे। इसके विपरीत, मौजूदा सरकार ने अपने काम से साबित किया है कि यह नतीजे देने वाली सरकार है। उन्होंने विश्वास जताया कि रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार विकास की इसी रफ्तार को आगे भी बनाए रखेगी।
500 नई ईवी बसों के जुड़ने के बाद दिल्ली का कुल बस बेड़ा 5,700 से अधिक हो गया है। ई-बसों के मामले में दिल्ली अब देश में पहले स्थान पर है, जबकि महाराष्ट्र में 4,001, कर्नाटक में 1,989, गुजरात में 1,041, तेलंगाना में 875 और उत्तर प्रदेश में 874 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं। यह उपलब्धि दिल्ली के स्वच्छ, टिकाऊ और आधुनिक परिवहन की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य 2026 के अंत तक ई-बसों की संख्या 7,500 तक पहुंचाने का है, जबकि 2028 तक डीटीसी के बेड़े में कुल 14,000 इलेक्ट्रिक बसें शामिल करने की योजना है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि राजधानी में जल्द ही 12 मीटर, 9 मीटर और 7 मीटर लंबाई वाली नई इलेक्ट्रिक बसें शुरू की जाएंगी, ताकि अलग-अलग रूट्स और यात्रियों की जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान दिल्ली-पानीपत के बीच एक नए इंटरस्टेट रूट पर इलेक्ट्रिक बस सेवा की भी शुरुआत की गई। परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि करीब 86 किलोमीटर लंबे इस रूट पर तीन ई-बसें चलाई जाएंगी, जो महाराणा प्रताप ISBT, सिंघु बॉर्डर, बहालगढ़, कुमासपुर, मुरथल, गन्नौर, पट्टी कल्याणा, समालखा, करहंस और मचरौली जैसे प्रमुख स्थानों से होकर गुजरेंगी। दिल्ली से पानीपत के लिए बसें सुबह 7:00, 7:30, 8:30 और दोपहर 3:00, 4:00 व 5:00 बजे रवाना होंगी, जबकि पानीपत से दिल्ली के लिए बसें सुबह 10:00, 10:30, 11:30 और शाम 6:00, 7:00 व 8:00 बजे चलेंगी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।