दिल्ली में खूनी तांडव: कारोबारी की गोली मारकर हत्या

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (09 February 2026): देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर अपराध की वारदातों से दहल उठी है। बाहरी दिल्ली के बवाना इलाके में सोमवार दोपहर बदमाशों ने सरेआम एक प्लास्टिक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई, वहीं राजधानी की कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लगातार हो रही ताबड़तोड़ हत्याओं से आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोपहर करीब 1 बजे बाजार के बीच अचानक गोलियों की आवाज गूंजी। 35 वर्षीय कारोबारी वैभव अपनी जान बचाने के लिए सड़क पर भागता रहा, लेकिन बाइक पर सवार 3 से 4 हमलावर लगातार उस पर गोलियां बरसाते रहे। कुछ ही दूरी पर बदमाशों ने वैभव को घेर लिया और उस पर कई राउंड फायरिंग कर दी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर हथियार लहराते हुए फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस की शुरुआती जांच में लूट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि जिस तरह से कारोबारी को दौड़ाकर गोली मारी गई, उससे आपसी रंजिश या रंगदारी से जुड़ा मामला भी माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि मृतक वैभव बवाना में प्लास्टिक की फैक्ट्री चलाने के साथ-साथ फाइनेंसर भी था, ऐसे में पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

पुलिस ने जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

गौरतलब है कि बवाना और नरेला जैसे औद्योगिक इलाकों में पिछले कुछ समय से गैंगराज और रंगदारी का खौफ बढ़ता जा रहा है। व्यापारियों का आरोप है कि उनसे लगातार प्रोटेक्शन मनी मांगी जाती है और इनकार करने पर जान से मारने की धमकी दी जाती है। पुलिस गश्त के दावों के बावजूद अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, जिससे फैक्ट्री मालिकों और मजदूरों में भारी आक्रोश और भय का माहौल बना हुआ है।।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।