जिला कारागार गौतमबुद्ध नगर में प्रमुख सचिव ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था की सराहना

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (19 जनवरी 2025): उत्तर प्रदेश शासन के कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं के प्रमुख सचिव अनिल गर्ग (आईएएस) ने आज जिला कारागार गौतमबुद्ध नगर का दौरा किया। उनके आगमन पर पुलिस गार्ड्स ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। प्रमुख सचिव ने कारागार की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया और सुधार के लिए महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान, प्रमुख सचिव ने सिद्धदोष बंदियों के प्रवेश व मुक्ति कार्यालय का अवलोकन किया और समयपूर्व रिहाई से संबंधित पत्रावली की समीक्षा कर उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने कारागार में संचालित कौशल विकास केंद्र का निरीक्षण किया। सिलाई केंद्र में प्रशिक्षणरत बंदियों द्वारा तैयार किए जा रहे थैलों और अगरबत्ती की राख से निर्मित मूर्तियों की प्रशंसा की, जिन्हें प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में भेजा गया है।

प्रमुख सचिव ने प्रॉमटियस स्कूल के सहयोग से निर्माणाधीन डिजिटल पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया और इसकी सराहना की। इसके अतिरिक्त, बंदियों के मनोरंजन और कौशल विकास के लिए संचालित डांस और म्यूजिक क्लासेज का भी जायजा लिया, जहां बंदियों ने उनके समक्ष अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। एलईडी बल्ब निर्माण का प्रशिक्षण भी बंदियों को दिया जा रहा है, जिसे विस्तार देने के निर्देश दिए गए।

कारागार परिसर में बंदियों के भोजन के लिए उगाई जा रही 20 एकड़ की फसल और सब्जियों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने बैंगन, आलू, पालक, मूली, गोभी, और चुकंदर की खेती की प्रशंसा की। बंदियों के लिए संचालित पाकशाला में तैयार भोजन – रोटी, आलू गोभी की सब्जी, अरहर की दाल और चावल की गुणवत्ता का भी मूल्यांकन किया गया, जिसे मानकों के अनुसार पाया गया।

प्रमुख सचिव ने कारागार में स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और उपकरणों की कार्यक्षमता की जांच की। उन्होंने सर्तक निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान गरीब और असहाय बंदियों को कंबल वितरित किए गए और उनकी समस्याएं सुनी गईं। किसी बंदी ने कोई समस्या नहीं बताई।

मुलाकात घर का भी निरीक्षण किया गया, जहां बंदी अपने परिजनों से जाली रहित व्यवस्था के तहत मुलाकात कर रहे थे। प्रमुख सचिव के साथ निरीक्षण में डीआईजी जेल मेरठ परिक्षेत्र सुभाष चंद्र शाक्य, जेल अधीक्षक बृजेश कुमार, और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के अंत में प्रमुख सचिव ने कारागार परिसर में वृक्षारोपण कर अपने दौरे का समापन किया।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।