अंतर्राज्यीय वाहन चोर गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार, चोरी की कार और अवैध हथियार बरामद

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (19 जनवरी 2025): ग्रेटर नोएडा पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गैंग के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। ये बदमाश वाहन चोरी के साथ-साथ यात्रियों को लिफ्ट देकर उनका सामान भी चुराने में माहिर थे। पुलिस ने इनके पास से एक चोरी की कार, मोबाइल फोन, नकदी, वोटर आईडी कार्ड, एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक चाकू बरामद किया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने सूरजपुर स्थित पुलिस मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि थाना सेक्टर-142 पुलिस और सीडीटी टीम ने एक सूचना पर कार्रवाई करते हुए सेक्टर-140 कट के पास सर्विस रोड पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्धों हितेश कुमार और दीपांशु कश्यप को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से बिसरख क्षेत्र से चोरी की गई कार बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे और उनके साथी आदित्य, राहुल कश्यप, किशन कुमार और अतुल कुमार मिलकर एनसीआर क्षेत्र में रेकी कर वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। हाल ही में इन आरोपियों ने एक्सप्रेसवे के पास बने सार्वजनिक शौचालय के पास एक व्यक्ति का सामान भी चुराया था।

पुलिस के अनुसार, ये आरोपी चोरी की कारों का इस्तेमाल कर यात्रियों को लिफ्ट देने का झांसा देते थे। बस स्टॉप और टेंपो स्टैंड जैसे स्थानों से यात्रियों को गाड़ी में बैठाते और फिर रास्ते में चाय पीने या अन्य बहाने से वाहन रुकवाकर यात्रियों का सामान और बैग लेकर फरार हो जाते।

डीसीपी ने बताया कि इस गिरोह के कुछ सदस्य, जो पहले टैक्सी चलाने का काम करते थे, यात्रियों के सामान पर नजर रखते और चोरी की योजना बनाते थे। गिरोह के अन्य सदस्यों को दिल्ली पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। डीसीपी ने बताया कि चोरी के मामलों का खुलासा करने और आरोपियों को पकड़ने में सफल रहने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की गई है। पुलिस ने अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।