बच्चों को सुविधाएं नहीं, समय और संस्कार चाहिए: MP डॉ महेश शर्मा | The Parent Puppet Show
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (08/02/2026): दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान (DJJS) की शैक्षिक पहल मंथन–संपूर्ण विकास केंद्र (SVK) द्वारा रविवार को नोएडा के सेक्टर-44 स्थित महामाया बालिका इंटर कॉलेज के सभागार में “द पेरेंट पपेट शो” का भव्य और प्रभावशाली आयोजन किया गया। 8 फरवरी 2026 को अपराह्न 3 बजे से शाम 7:30 बजे तक चले इस कार्यक्रम ने पेरेंटिंग, नैतिक मूल्यों, भावनात्मक जुड़ाव और बच्चों के सर्वांगीण विकास जैसे गंभीर विषयों को रचनात्मक रंगमंच के माध्यम से समाज के सामने रखा।
यह आयोजन “मंथन फॉर मेंटर्स” पहल के अंतर्गत किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद गौतमबुद्ध नगर डॉ. महेश शर्मा रहे। दीप प्रज्ज्वलन के पश्चात अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मंथन–SVK द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास और अभिभावकों को जागरूक करने के लिए किया जा रहा कार्य न केवल सराहनीय है, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक भी है। उन्होंने कहा कि आज हम हर क्षेत्र में उन्नयन और विकास की बात करते हैं खेती, पशुपालन, तकनीक और उद्योग तक लेकिन मनुष्य के आंतरिक विकास और संस्कारों पर पर्याप्त ध्यान नहीं देते। यही कारण है कि आज बच्चों में तनाव, अकेलापन और अवसाद जैसी समस्याएं कम उम्र में दिखाई देने लगी हैं।

डॉ. महेश शर्मा ने भावुक शब्दों में कहा कि आज अभिभावक अपने बच्चों को सुविधाएं तो दे रहे हैं, लेकिन समय नहीं दे पा रहे। मोबाइल फोन और डिजिटल दुनिया बच्चों की चुप्पी का साधन बन गई है। उन्होंने कहा कि एक सात-आठ साल के बच्चे द्वारा “डिप्रेशन” जैसे शब्दों का इस्तेमाल करना समाज के लिए गंभीर चेतावनी है। उन्होंने यह भी कहा कि हाल की दर्दनाक घटनाएं यह सोचने पर मजबूर करती हैं कि कहीं न कहीं हम सब इसके लिए जिम्मेदार हैं, और इस जिम्मेदारी को समझने का प्रयास इस पपेट शो के माध्यम से बेहद प्रभावी ढंग से किया गया है।

कार्यक्रम में जिले और शहर की कई प्रमुख हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, पूर्व जिला अध्यक्ष मनोज गुप्ता, युवा व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन, चेयरमैन नवनीत गुप्ता, एसीपी नोएडा राकेश प्रताप सिंह, फेडरेशन ऑफ नोएडा आरडब्ल्यूए अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, टेन न्यूज नेटवर्क के संस्थापक गजानन माली और आरएसएस के विभाग प्रचारक चिरंजीव सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे।

संस्थान की प्रचारिका साध्वी दीपा भारती ने आधुनिक जीवनशैली में माता-पिता और बच्चों के बीच कमजोर होते भावनात्मक रिश्तों पर गहन विचार रखे। उन्होंने ‘चेतन पेरेंटिंग’ की अवधारणा को स्पष्ट करते हुए कहा कि माता-पिता का व्यवहार, सोच और जीवनशैली ही बच्चों के व्यक्तित्व और भविष्य की नींव बनती है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘द पेरेंट पपेट शो’ रहा, जिसमें कठपुतली नाट्य के माध्यम से अभिभावकों की दैनिक जीवन की चुनौतियों, बच्चों की अनकही भावनाओं और संवाद की कमी को बेहद संवेदनशील और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। यह प्रस्तुति कभी दर्शकों को मुस्कुराने पर मजबूर करती रही, तो कभी भावनात्मक रूप से झकझोरती नजर आई।

दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के राष्ट्रीय सचिव स्वामी नरेंद्रानंद ने अपने संबोधन में सोशल मीडिया के विवेकपूर्ण उपयोग और डिजिटल स्वच्छता पर गंभीर विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि तकनीक का उपयोग साधन के रूप में होना चाहिए, न कि बच्चों के व्यक्तित्व पर हावी होने वाला माध्यम।
सांस्कृतिक सत्र में संस्कारशाला के बच्चों ने ‘मदालसा की लोरी’ और ‘100th मंकी इफेक्ट’ पर आधारित विशेष प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने भारतीय संस्कार, चेतना और सामूहिक सोच की शक्ति को प्रभावी रूप से उजागर किया। कार्यक्रम के समापन पर देशभर में संचालित संस्कारशाला की गतिविधियों पर आधारित एक प्रेरणादायी वीडियो भी प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम से प्रभावित होकर उपस्थित अभिभावकों ने अपने बच्चों को संस्कारयुक्त, संतुलित और मूल्य आधारित शिक्षा से जोड़ने का सामूहिक संकल्प लिया। आयोजन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि बच्चों का उज्ज्वल भविष्य केवल सुविधाओं से नहीं, बल्कि समय, संवाद, संस्कार और संवेदनशीलता से ही संभव है।

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।