India- US Deal: विकसित भारत की दिशा में ऐतिहासिक कदम, क्या बोले केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (07 February 2026): दिल्ली में भारत–अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने इसे भारत की विकसित भारत 2047 की यात्रा का एक अत्यंत महत्वपूर्ण दिन बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में फरवरी 2025 में भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर चर्चा की शुरुआत हुई थी। यह पहल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भविष्य को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच संबंधों, कूटनीति और मित्रता को और मजबूत करना है।

पीयूष गोयल ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच इस व्यापार समझौते का लक्ष्य सालाना 500 अरब डॉलर के द्विपक्षीय व्यापार को हासिल करना है। उन्होंने कहा कि इसी लक्ष्य की दिशा में आज का दिन एक ऐतिहासिक मील का पत्थर के रूप में याद रखा जाएगा। देशभर में इस फैसले को लेकर खुशी की लहर है और हर क्षेत्र में भविष्य को लेकर उत्साह और सकारात्मकता दिखाई दे रही है।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि आने वाले दिनों में जैसे-जैसे नए अवसर और संभावनाएं खुलेंगी, दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था अमेरिका, जिसकी कुल अर्थव्यवस्था करीब 30 ट्रिलियन डॉलर की है, भारतीय निर्यातकों के लिए अपने बाजार बड़े पैमाने पर खोलेगा। इसके तहत भारतीय उत्पादों को मोस्ट-फेवर्ड ड्यूटी एक्सेस मिलेगा, जिससे भारत के निर्यात में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होने की संभावना है।

पीयूष गोयल ने यह भी स्पष्ट किया कि इस पूरे समझौते के दौरान भारतीय किसानों और डेयरी सेक्टर के हितों की पूरी तरह से सुरक्षा की गई है। उन्होंने कहा कि इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए भारत–अमेरिका का संयुक्त बयान देर रात अंतिम रूप दिया गया, जिसे देशभर में व्यापक समर्थन और स्वागत मिला है। मंत्री ने इसे संतुलित, दूरदर्शी और भारत के दीर्घकालिक हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया समझौता बताया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पीयूष गोयल ने एक जमीनी उदाहरण साझा करते हुए कहा कि उन्होंने सुबह उत्तर प्रदेश के संभल जिले के एक हस्तशिल्प कारीगर का वीडियो देखा। उस कारीगर ने कहा, “टैरिफ 18 प्रतिशत हो गया है, यह हमारे लिए बहुत अच्छी खबर है। इससे हमें फायदा होगा, नए ऑर्डर आएंगे और काम बढ़ेगा।” मंत्री ने कहा कि यह प्रतिक्रिया दर्शाती है कि इस समझौते का असर सीधे आम लोगों और छोटे कारीगरों तक पहुंच रहा है।

पीयूष गोयल ने जानकारी दी कि इस संयुक्त बयान के तहत अमेरिका ने भारत के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते की पहली किश्त (First Tranche) को अंतिम रूप दे दिया है। इसके अंतर्गत अमेरिका द्वारा भारतीय निर्यात पर पहले लगाए गए 50 प्रतिशत के पारस्परिक टैरिफ को घटाकर अब 18 प्रतिशत कर दिया गया है। यह फैसला भारतीय निर्यातकों के लिए बड़ी राहत और प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त लेकर आया है।

उन्होंने अन्य देशों से तुलना करते हुए बताया कि भारत पर लगाया गया 18 प्रतिशत टैरिफ अपने सभी प्रतिस्पर्धी देशों से कम है। जहां अमेरिका ने चीन पर लगभग 35 प्रतिशत, वियतनाम पर 20 प्रतिशत, बांग्लादेश पर 20 प्रतिशत और इंडोनेशिया पर 19 प्रतिशत शुल्क लगाया है, वहीं भारत को इन सभी देशों की तुलना में कम टैरिफ का लाभ मिला है। पीयूष गोयल ने कहा कि आने वाले समय में इससे भारतीय निर्यात, रोजगार और भारत–अमेरिका आर्थिक साझेदारी को नई मजबूती मिलेगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।