भारत-अमेरिका साझेदारी से निवेश को मिलेगा बढ़ावा: ओम बिरला

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (19 नवंबर 2026): लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि भारत की मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था, स्थिर आर्थिक नीतियां और पारदर्शी कर प्रणाली देश को वैश्विक निवेश के लिए एक आकर्षक केंद्र बना रही हैं। भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था, कुशल युवा कार्यबल और मजबूत मानव संसाधन वैश्विक कंपनियों के लिए निवेश की नई संभावनाएं खोल रहे हैं। उन्होंने भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक एवं आर्थिक संबंधों को और मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि दोनों देशों की साझेदारी साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, आपसी विश्वास और सम्मान पर आधारित है। वह गुरुवार को इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स (IACC) के 23वें इंडो-अमेरिका आर्थिक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

ओम बिरला ने कहा कि भारत में नीतियां तैयार करते समय युवाओं, किसानों और उद्योग जगत के सुझावों को महत्व दिया जाता है, जिससे देश में निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार हो रहा है। उन्होंने रक्षा, फार्मास्यूटिकल्स और विनिर्माण क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि देश घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ वैश्विक बाजार में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। उन्होंने उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच अनुसंधान, तकनीक एवं नवाचार को लेकर बेहतर तालमेल विकसित करने की आवश्यकता बताई। सम्मेलन में अमेरिकी दूतावास के उप मिशन प्रमुख जेसन मीक्स ने भी भारत-अमेरिका संबंधों को दोनों देशों की आर्थिक समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ऊर्जा, फार्मा, महत्वपूर्ण खनिज, उन्नत तकनीक और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ रहा है तथा प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है।

रेमंड ग्रुप के चेयरमैन गौतम हरि सिंघानिया ने कहा कि भारत और अमेरिका के उद्योगों को अगले 25 वर्षों में मिलकर नई औद्योगिक संभावनाएं विकसित करनी चाहिए। उन्होंने दोनों देशों के बीच वस्तुओं और सेवाओं का वार्षिक व्यापार करीब 240 अरब डॉलर बताते हुए कहा कि अमेरिकी तकनीकी विशेषज्ञता और भारत की इंजीनियरिंग एवं विनिर्माण क्षमता का संयोजन वैश्विक औद्योगिक प्रतिस्पर्धा को नई दिशा दे सकता है। उन्होंने एयरोस्पेस और रक्षा क्षेत्र को भारत के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए देश को वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनाने की संभावनाओं पर जोर दिया। वहीं, IACC के समिट चेयर ललित बसीन ने भारत-अमेरिका की रणनीतिक एवं आर्थिक साझेदारी को लगातार मजबूत होता हुआ बताया। समिट को-चेयर और DLF फाउंडेशन की चेयरपर्सन पिया सिंह ने निवेश, कौशल विकास और नवाचार के जरिए युवाओं के लिए रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर तैयार करने की बात कही।

एमिटी विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. अतुल चौहान ने कहा कि भारत-अमेरिका साझेदारी को मजबूत बनाने में सरकार और उद्योगों के साथ विश्वविद्यालयों तथा युवाओं की भी अहम भूमिका है। शिक्षा, उद्योग और नवाचार के बीच बेहतर समन्वय से रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को गति मिल सकती है। उन्होंने युवाओं को आधुनिक तकनीक, अनुसंधान और कौशल विकास से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। सम्मेलन में वक्ताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि बदलते वैश्विक आर्थिक परिदृश्य में भारत और अमेरिका को मजबूत एवं लचीली आपूर्ति श्रृंखला विकसित करने के साथ तकनीकी सहयोग और औद्योगिक निवेश को प्राथमिकता देनी चाहिए। इससे दोनों देशों के उद्योगों को नए बाजार उपलब्ध होंगे और वैश्विक स्तर पर उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता भी मजबूत होगी।

सम्मेलन के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली उद्योग जगत की हस्तियों को बिजनेस लीडरशिप अवॉर्ड प्रदान किए। रेमंड ग्रुप के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक गौतम हरि सिंघानिया को एक्सीलेंस इन इंडस्ट्रियल लीडरशिप अवॉर्ड, मोदी एंटरप्राइजेज की चेयरपर्सन डॉ. बीना मोदी को बिजनेस लीडरशिप एंड लेगेसी अवॉर्ड तथा आहूजा शॉल्स एंड फैब्रिक्स की पूर्णकालिक निदेशक अंजू आहूजा को एक्सीलेंस इन वुमन एंटरप्रेन्योरशिप एंड एम्पावरमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इसके अलावा फ्रिक इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक जस्मोहन सिंह, सुपीरियर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के प्रमोटर विशाल अग्रवाल और इन्वर्टिस विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर पार्थ गौतम को भी विभिन्न श्रेणियों में सम्मान प्रदान किया गया। सम्मेलन में निवेश, व्यापार, रक्षा, विनिर्माण, शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में भारत-अमेरिका सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा के साथ दोनों देशों की आर्थिक साझेदारी को नई ऊंचाई देने का संकल्प व्यक्त किया गया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।