New Delhi News (07 February 2026): दिल्ली के जनकपुरी इलाके में हुए दर्दनाक हादसे में पुलिस ने पहली बड़ी कार्रवाई करते हुए सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया है। यह हादसा दिल्ली जल बोर्ड द्वारा खोदे गए गहरे गड्ढे में बाइक सवार युवक के गिरने से हुआ था, जिसने प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह हादसा जनकपुरी थाना क्षेत्र के जोगिंदर सिंह मार्ग पर गुरुवार देर रात हुआ, जहां लगभग 20 फीट गहरे खुले गड्ढे में गिरने से बाइक सवार कमल ध्यानी की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि कमल पूरी रात गड्ढे में अपनी बाइक के नीचे दबा रहा और समय पर मदद न मिलने के कारण उसकी जान चली गई। हादसे के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया।
मामले में दिल्ली जल बोर्ड के अधिशासी अभियंता ए.एस. ग्रेवाल और सहायक अभियंता वंदना को निलंबित कर दिया गया है, जबकि अनुबंध पर कार्यरत कनीय अभियंता आलोक कुमार की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। पुलिस ने तीनों इंजीनियरों और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या की धारा में मामला दर्ज किया है और जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
इस बीच मृतक के जुड़वा भाई करण ध्यानी ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। करण का कहना है कि घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद उन्हें न तो पूरी जानकारी दी जा रही है और न ही CCTV फुटेज दिखाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस टालमटोल कर रही है और उन्हें खुद अधिकारियों के पीछे-पीछे चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
करण ध्यानी ने कहा, “मैं लगातार पुलिस से कह रहा हूं कि CCTV फुटेज दिखा दो, ताकि सच्चाई सामने आ सके, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। हादसे के बाद से अब तक कोई जिम्मेदार अधिकारी हमसे मिलने नहीं आया।” बता दें कि कमल ध्यानी मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के रहने वाले थे और दिल्ली के कैलाशपुरी में अपने परिवार के साथ रहते थे। पिता शिव मंदिर में पुजारी हैं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य अलग-अलग कार्यों में लगे हुए हैं।।
टिप्पणियाँ बंद हैं।