New Delhi News (06 February 2026): दिल्ली में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए दिल्ली सरकार ने ‘दिल्ली खाद्य सुरक्षा नियम’ लागू कर दिए हैं। इन नियमों के तहत अब राशन कार्ड ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर जारी नहीं होंगे, बल्कि जिले की आबादी के अनुसार तय कोटे के भीतर ही बनाए जाएंगे। सरकार का कहना है कि इस बदलाव से असली जरूरतमंदों तक ही सरकारी राशन का लाभ पहुंचेगा और सिस्टम में लंबे समय से चली आ रही गड़बड़ियों पर लगाम लगेगी।
नए नियमों के तहत खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच में अपात्र पाए गए 2.76 लाख से अधिक राशन कार्ड धारकों को एसएमएस के जरिए कारण बताओ नोटिस भेजे गए हैं। विभाग ने साफ किया है कि तय समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं देने वालों के राशन कार्ड रद्द कर दिए जाएंगे। इससे पहले सरकार 2.02 लाख अपात्र राशन कार्ड पहले ही रद्द कर चुकी है।
सरकार ने राशन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया में भी अहम बदलाव किया है। अब जिला स्तर पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित की जाएगी, जो आवेदनों की गहन जांच करेगी। जिले की जनसंख्या के आधार पर तय कोटे के भीतर ही नए राशन कार्ड जारी किए जाएंगे। फिलहाल दिल्ली में करीब 8.27 लाख लाभार्थियों के लिए वैकेंसी उपलब्ध बताई जा रही है, जिन पर नए नियमों के तहत पात्र लोगों को शामिल किया जाएगा।
खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि नए नियमों में आय सीमा को 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.20 लाख रुपये कर दिया गया है, ताकि ज्यादा जरूरतमंद परिवार योजना का लाभ उठा सकें। वहीं अपात्रों को बाहर रखने के लिए सख्त शर्तें तय की गई हैं। आयकर दाता, सरकारी कर्मचारी, चार पहिया वाहन मालिक, अधिक बिजली खपत करने वाले और निर्धारित क्षेत्रों में निजी संपत्ति रखने वाले परिवार अब इस योजना के दायरे से बाहर रहेंगे।
भ्रष्टाचार और शिकायतों के समाधान के लिए सरकार ने त्रि-स्तरीय शिकायत निवारण व्यवस्था भी लागू की है। यह व्यवस्था राशन दुकान, जिला और राज्य स्तर पर काम करेगी, जबकि निगरानी के लिए चार स्तरों पर व्यवस्था की गई है। मंत्री सिरसा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य राशन माफिया पर पूरी तरह रोक लगाना और यह सुनिश्चित करना है कि दिल्ली के हर गरीब परिवार तक उसका हक पहुंचे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नए नियम और डिजिटल निगरानी से राशन व्यवस्था में पारदर्शिता और भरोसे दोनों बढ़ेंगे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।