ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की पहल से बादलपुर में शुरू हुआ डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (05/02/2026): ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बादलपुर गांव को स्वच्छ, आत्मनिर्भर और जीरो वेस्ट गांव बनाने की दिशा में एक अहम पहल की है। इसके तहत गांव में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है। इस योजना को प्राधिकरण द्वारा फीडबैक फाउंडेशन के सहयोग से क्रियान्वित किया जा रहा है।

प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध कराए गए विशेष वाहनों के माध्यम से अब गांव के प्रत्येक घर से नियमित रूप से कचरा एकत्र किया जाएगा। इससे खुले में कचरा फेंकने की समस्या पर अंकुश लगेगा और गांव की स्वच्छता व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग और फीडबैक फाउंडेशन के बीच बैठक आयोजित की गई, जिसमें कचरा प्रबंधन को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तय की गई।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि गांव से एकत्र किए गए सूखे कचरे को बादलपुर स्थित मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर में लाकर उसका पृथक्करण (सेग्रीगेशन) किया जाएगा। इसके बाद कचरे को रीसाइक्लिंग प्रक्रिया से गुजारा जाएगा, जिससे कचरे की मात्रा कम होगी और उससे उपयोगी उत्पाद तैयार किए जा सकेंगे। यह व्यवस्था न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक होगी, बल्कि संसाधनों के पुनः उपयोग को भी बढ़ावा देगी।

जीरो वेस्ट गांव की अवधारणा को सफल बनाने के लिए जनभागीदारी को अत्यंत आवश्यक बताया गया है। इसी उद्देश्य से फीडबैक फाउंडेशन की टीम ने गांव में घर-घर जाकर लोगों को कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूक किया। ग्रामीणों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की विधि समझाई गई और स्वच्छ वातावरण, बेहतर स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के लाभों की जानकारी दी गई।

यह पहल ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, फीडबैक फाउंडेशन और ग्रामवासियों के संयुक्त प्रयास से आगे बढ़ाई जा रही है। इस अवसर पर प्राधिकरण की एसीईओ लक्ष्मी वीएस ने कहा कि यह योजना न केवल बादलपुर गांव की स्वच्छता और पर्यावरण सुधार के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि आसपास के अन्य गांवों के लिए भी एक प्रेरणादायक मॉडल के रूप में कार्य करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह की पहलों से ग्रेटर नोएडा को और अधिक स्वच्छ, सुंदर और सतत विकास की ओर अग्रसर किया जा सकेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।