पुराने हिंदी फिल्मी गीतों की रचनाओं में जीवन, ज्ञान, संगीत और ऊर्जा का स्रोत — गजानन माली

संपादन : रंजन अभिषेक (सब-एडिटर, टेन न्यूज़ नेटवर्क)

लेख की संकल्पना : गजानन माली

Greater Noia (04/02/2026): मानव जीवन अनेक यात्राओं जैसे निजी, पारिवारिक, शैक्षिक, व्यावसायिक, साहित्यिक, संगीतात्मक और सामाजिक का सुंदर संगम है। ये सभी यात्राएँ अनुभवों, भावनाओं और सीख से बुनी हुई होती हैं।

मेरी संगीत यात्रा बचपन से ही प्रारंभ हो गई थी। मेरे माता-पिता संगीत के मेरे प्रथम गुरु रहे। इसके बाद कार्यस्थल के कुछ साथी, पूर्व पारिवारिक मित्र, तबला उस्ताद प्रभाकर देशमुख जी, बिमटेक में डॉ. हरिवंश चतुर्वेदी जी द्वारा आयोजित देश के वरिष्ठ संगीत कलाकारों के कार्यक्रम, गौतम बुद्ध नगर ज़िले की विभिन्न शैक्षिक, संगीत एवं सामाजिक संस्थाएँ, नवरत्न फ़ाउंडेशंस, Do Re Me Orchestra, गांधर्व बैंड तथा टेन न्यूज़ नेटवर्क द्वारा आयोजित अनेक सांस्कृतिक समारोह, इन सभी से मुझे गीत-गायन की निरंतर प्रेरणा मिलती रही।

वर्तमान में ज्ञानेश्वरी इंस्टिट्यूट, ग्रेटर नोएडा में हिंदुस्तानी गायिका इन्द्रा सिंह जी तथा ‘आरोहण – The Musical Heritage’, वैशाली (ग़ाज़ियाबाद) में ग़ज़ल-गीत गायक फ़नीश पवार जी से स्वर एवं सुर-ज्ञान की शिक्षा जारी है।

चार महीने पूर्व मैंने अपनी संगीत-गायन यात्रा का पहला औपचारिक कदम ग्रेड्स इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा से उठाया। तब से शब्द, स्वर और संगीत मेरे जीवन के अभिन्न साथी बन गए हैं। इस संगीत यात्रा के कारण मुझे अनेक विशिष्ट व्यक्तित्वों से ऑनलाइन और प्रत्यक्ष रूप से मिलने का अवसर प्राप्त हो रहा है। कई अनसुने गीतों से रूबरू होने, उनके भावपूर्ण अर्थ समझने और संगीत का रसास्वादन करने का अवसर मिल रहा है, जो वास्तव में एक अनोखा और सुहावना अनुभव है।

मेरा मानना है कि गीत केवल मनोरंजन का साधन नहीं होते; वे मनुष्य के अंतर्मन के दर्पण, आशा के दीपक और संघर्ष के पथप्रदर्शक होते हैं।

मेरे जीवन-पथ में अनेक गीत-रचनाएँ, धुनें, संगीत और गायक कभी मुझे जागृत करते हैं, कभी धैर्य बँधाते हैं और कभी परिवार, मित्रों, साहित्य, राष्ट्र, समाज तथा मानवता के प्रति कर्तव्यों का स्मरण कराते हैं।

मेरा दृढ़ विश्वास है कि जैसे भगवद्गीता, रामायण, महाभारत, क़ुरान, बाइबिल और गुरु ग्रंथ साहिब जीवन-ज्ञान के स्रोत हैं, वैसे ही अधिकांश पुराने हिंदी फिल्मी गीतों की रचनाएँ भी जीवन-दर्शन और प्रेरणा से परिपूर्ण हैं।

कुछ गीत या उनके मुखड़े-अंतरे जीवन का सार बन जाते हैं, तो कुछ जीवन के लिए मार्ग-मानचित्र (रोडमैप) सिद्ध होते हैं।

“ज्योत से ज्योत जगाते चलो” — प्रेम, भाईचारे और मानवता का संदेश देता है।

“यह है गीता का ज्ञान—कर्म किए जा, फल की इच्छा मत कर, रे इंसान” — गीता के श्लोकों पर आधारित कर्मयोग का उपदेश देता है।

“इतनी शक्ति हमें देना दाता”- नेक मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

“नहीं चाहिए दिल दुखाना किसी का”- करुणा और संवेदनशीलता सिखाता है।

“कभी प्यासे को पानी पिलाया नहीं”- हमारे परम धर्म की याद दिलाता है।

“उठ जाग मुसाफ़िर” – चेतना का आह्वान करता है।

“मेरे देश की धरती”, “ये वतन तेरे लिए”- राष्ट्रप्रेम की गूँज हैं।

“अकेला चल, चला चल”, “रुक जाना नहीं”- आत्मबल और निरंतर प्रयास का उद्घोष हैं।

“रोते-रोते हँसना सीखो”- जीवन की कड़वी सच्चाइयों को स्वीकार कर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

“गीत गाता चल”- प्रकृति से सीख लेकर जीवन जीने का संदेश देता है।

“फिर भी दिल है हिंदुस्तानी- चलना जीवन की कहानी, रुकना मौत की निशानी”- जीवन की गतिशीलता का दर्शन कराता है।

“एक दिन बिक जाएगा”- इस संसार से जाने से पहले कुछ कर गुजरने का साहस देता है।

“फूलों के रंग से”- मानवीय रिश्तों और भावनाओं का सुंदर प्रतिबिंब है।

“ये दोस्ती” – मित्रता की अमर भावना को दर्शाता है।

“ज़िंदगी के सफ़र में गुज़र जाते हैं जो मुक़ाम, वो फिर नहीं आते”- बीते समय, बिछुड़े लोग और टूटे रिश्तों की सच्चाई को उजागर करता है।

यहाँ मैंने अपनी पसंद की कुछ रचनाओं का उल्लेख केवल प्रोत्साहन हेतु किया है। मेरी प्रस्तावित भक्ति-गीत माला, राष्ट्रभक्ति गीत माला और श्रृंगार गीत माला समय के साथ और अधिक विस्तृत होती जाएँगी।
यदि मेरे गायन से किसी को क्षणभर का आनंद मिले, किसी को नई दिशा मिले, ऊर्जा या जीवन-ज्ञान प्राप्त हो, किसी को प्रेरणा या शांति मिले, या कोई अपने दुःख-दर्द को कुछ पल के लिए भूल सके—तो यही मेरे लिए परम संतोष होगा।

इन गीतों और गायन के सान्निध्य में रहकर यदि मैं कुछ क्षण बाहरी दुनिया को भूल सकूँ और उससे शांति, सीख और अनुभूति प्राप्त कर सकूँ तो वही मेरी संगीत यात्रा की सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।

आइए, हम सब मिलकर जीवन के इस पथ पर हाथ में हाथ डालकर, स्वर में स्वर मिलाकर, सात स्वरों के साथ आगे बढ़ते रहें।

“साथी हाथ बढ़ाना, साथी रे!”

Singing Video Links:

Salamat Rahe Dostana Hamara

Ek Din Bik Jayega

Jyot Se Jyot Jagate Chalo

Hothon Pe Sacchai Rehti Hai

Musical Journey of Gajanan Mali | Photo Highlights


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।