GREATER NOIDA News (04/02/2026): ग्रेटर नोएडा के जेवर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गांव मेवला गोपालगढ़ में बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घने कोहरे के बीच मॉर्निंग वॉक पर निकले गांव के सम्मानित नागरिक और पूर्व प्रधान पति 65 वर्षीय सुखबीर सिंह तालान की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही गंभीर हालत हो गई, बाद में उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से गुजर रहे किसी अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे पैदल जा रहे सुखबीर सिंह को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और वाहन के नीचे उनका सिर बुरी तरह कुचल गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
मृतक के पुत्र नरेंद्र सिंह तालान ने बताया कि उनके पिता रोज की तरह सुबह पैदल ही अपनी दुकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। जेवर-टप्पल मार्ग से गुजर रहे ग्रामीणों ने घायल अवस्था में सुखबीर सिंह को पहचान लिया और तत्काल उन्हें जेवर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जेवर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि सुखबीर सिंह तालान की पत्नी राजबीरी देवी गांव की प्रधान रह चुकी थीं। करीब दस वर्ष पूर्व उनका निधन हो गया था। सुखबीर सिंह को गांव में एक सरल, निष्पक्ष और मिलनसार व्यक्ति के रूप में जाना जाता था। वह सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहते थे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।