New Delhi News (04 February 2026): लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार संसद में यह कह रही है कि पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की किताब मौजूद ही नहीं है, जबकि सच्चाई यह है कि वही किताब आज कई अहम सवाल खड़े कर रही है। राहुल गांधी ने कहा कि देश के हर युवा को यह किताब पढ़नी चाहिए, क्योंकि इसमें सीमा पर चीन के साथ हुए तनाव और उस दौरान सरकार की भूमिका का विस्तार से ज़िक्र है।
राहुल गांधी ने बताया कि जनरल नरवणे ने अपनी किताब में लिखा है कि जब चीनी टैंक कैलाश रिज तक पहुंच गए थे, तब उन्होंने तत्कालीन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को फोन कर स्थिति से अवगत कराया। लेकिन उस वक्त उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) और रक्षा मंत्री से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कहीं से भी ठोस निर्देश नहीं आए।
राहुल गांधी के मुताबिक, जब जनरल नरवणे ने दोबारा रक्षा मंत्री को फोन किया, तो उन्हें बताया गया कि वह “टॉप” से पूछेंगे। इसके बाद सामने आया कि ऊपर से एक स्टैंडिंग ऑर्डर था कि अगर चीनी सेना आगे बढ़ती है तो बिना अनुमति के गोली नहीं चलाई जाएगी। राहुल गांधी ने कहा कि यह आदेश उस समय दिया गया, जब चीनी टैंक भारतीय इलाके में घुस चुके थे।
उन्होंने आगे कहा कि जनरल नरवणे और भारतीय सेना चीनी टैंकों पर कार्रवाई करना चाहती थी, लेकिन राजनीतिक नेतृत्व की ओर से स्पष्ट आदेश नहीं मिला। राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संदेश भेजा—“जो उचित समझो वो करो।” राहुल गांधी के अनुसार, यह संदेश प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी से बचने जैसा था, क्योंकि उन्होंने सीधे तौर पर सेना प्रमुख पर फैसला छोड़ दिया।
राहुल गांधी ने किताब के हवाले से कहा कि जनरल नरवणे ने लिखा है कि उस समय वह खुद को बेहद अकेला महसूस कर रहे थे और पूरे सिस्टम ने उन्हें छोड़ दिया था। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि यह सिर्फ एक किताब नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर दस्तावेज़ है, जिसे सरकार दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि देश को सच्चाई जानने का पूरा हक है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।