लोकसभा में हंगामा: विपक्ष के 8 सांसद निलंबित

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (03 February 2026): संसद के बजट सत्र के दौरान मंगलवार को लोकसभा में जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। सदन में अव्यवस्था और आसन की अवमानना के आरोप में विपक्ष के आठ सांसदों को बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया। निलंबित सांसदों में सात कांग्रेस और एक सीपीआईएम सांसद शामिल हैं। इस कार्रवाई के बाद लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।

दरअसल, लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की अप्रकाशित पुस्तक का उल्लेख करने की कोशिश को लेकर विवाद खड़ा हो गया। राहुल गांधी को बोलने की अनुमति न मिलने पर विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे सदन की कार्यवाही तीन बार बाधित हुई।

दोपहर तीन बजे जब सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई तो पीठासीन सभापति दिलीप सैकिया ने आसन की ओर कागज उछालने और सदन की मर्यादा भंग करने के आरोप में कुछ सांसदों के नाम लिए। आरोप था कि सांसद स्पीकर चेयर के पास तक पहुंच गए और कागज फेंककर विरोध जताया, जिसे सदन की अवमानना माना गया।

इसके बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने नियम 374(2) के तहत प्रस्ताव रखते हुए कहा कि सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाने और लोकसभा अधिकारियों की मेजों के पास जाकर हंगामा करने वाले सांसदों को सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित किया जाए। सदन ने ध्वनिमत से इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।

निलंबित किए गए सांसदों में मणिकम टैगोर, हिबी ईडन, अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, गुरदीप सिंह औजला, प्रशांत यादोराव पडोले, डीन कुरियाकोस, सी किरण कुमार रेड्डी और सीपीआईएम सांसद एस वेंकटेशन शामिल हैं। निलंबन के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव और तेज हो गया।
लोकसभा में निलंबन की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी सांसदों ने संसद भवन के मकर द्वार पर प्रदर्शन किया। इस दौरान भारत-अमेरिका ट्रेड एग्रीमेंट को लेकर भी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। विपक्ष ने इसे लोकतांत्रिक आवाज को दबाने की कोशिश बताया।

निलंबन पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा कि विपक्ष का अपराध सिर्फ इतना है कि वह राहुल गांधी को बोलने से रोके जाने का विरोध कर रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने सदन के पटल पर आवश्यक दस्तावेज और प्रमाण रखने के बावजूद उनका माइक बंद कर दिया गया, जिसके बाद विरोध करना मजबूरी बन गया।

इससे पहले राहुल गांधी ने सदन में जनरल नरवणे की पुस्तक से जुड़े लेख को सत्यापित करते हुए पेश किया और चीन के साथ सीमा विवाद व राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यह विषय राष्ट्रपति के अभिभाषण से सीधे तौर पर जुड़ा है और देश की सुरक्षा से संबंधित है। हालांकि, आसन से उन्हें आगे बोलने की अनुमति नहीं दी गई, जिसके बाद पूरा मामला और अधिक तूल पकड़ गया।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।