GREATER NOIDA News (02/02/2026): किसानों की आबादी से जुड़े मुद्दों को लेकर किसान एकता संघ ने आंदोलन तेज करने का संकेत दे दिया है। ‘आबादी बचाओ अभियान’ के तहत रविवार को ग्रेटर नोएडा के अच्छेजा बुजुर्ग गांव में एक अहम पंचायत आयोजित की गई, जिसमें आगामी रणनीति और आंदोलन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। यह पंचायत जावेद सोलंकी के आवास पर संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता कृष्ण बैंसला ने की, जबकि संचालन प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद शर्मा ने किया।
पंचायत को संबोधित करते हुए किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सोरन प्रधान ने कहा कि आबादी का प्रश्न केवल वर्तमान का नहीं, बल्कि किसानों की आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से सीधा जुड़ा हुआ है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि किसान अपनी आबादी के निस्तारण तक संघर्ष जारी रखेंगे और इस बार इस मुद्दे पर निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने घोषणा की कि 16 फरवरी को यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण कार्यालय पर एक बड़ा और प्रभावी आंदोलन किया जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर जनपद के किसानों की समस्याओं को लेकर संगठन पूरी तरह गंभीर है और किसी भी स्थिति में किसानों के हितों से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए लगातार पंचायतें और बैठकें की जा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक किसानों को एकजुट किया जा सके। उनका दावा रहा कि प्रस्तावित महापंचायत में हजारों किसान शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
पंचायत में उपस्थित किसानों और ग्रामीणों ने एक स्वर में संगठन के नेतृत्व पर भरोसा जताया और आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया। किसानों का कहना था कि आबादी का समाधान न होने से उन्हें वर्षों से अनिश्चितता और समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में अखिलेश प्रधान, शिवम शर्मा, राकेश सैनी, लक्ष्मण सैनी, दीपु सैनी, मेहरबान अली, इंतजाम अली सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे। पंचायत के अंत में यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर ले जाया जाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।