सेक्टर-36 में विशाल हिंदू सम्मेलन संपन्न, समाज की एकता और सांस्कृतिक चेतना का दिया संदेश
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (02/02/2026): हिंदू सम्मेलन समिति के तत्वावधान में सेक्टर-36 में 1 फरवरी 2026, रविवार को प्रातः 10:30 बजे से एक विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। हिंदू समाज के दिशा-निर्देशन, मार्गदर्शन और सांस्कृतिक जागरूकता को समर्पित यह सम्मेलन पूरे उत्साह और भव्यता के साथ संपन्न हुआ।
समिति के अध्यक्ष मुकेश चौधरी ने बताया कि इस आयोजन में आसपास के सभी सेक्टरों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। लगभग हर हिंदू परिवार से किसी न किसी सदस्य की सहभागिता ने समाज की एकजुटता और आपसी जुड़ाव को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से हिंदू समाज को एक सूत्र में बांधना और आने वाली पीढ़ियों को हिंदू संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों के महत्व से अवगत कराना है। इस सफल आयोजन के लिए उन्होंने सर्व हिंदू समाज का आभार व्यक्त किया।
समिति के महासचिव एवं मीडिया प्रभारी अतुल आनंद सिंह ने जानकारी दी कि सम्मेलन की शुरुआत प्रातः मातृशक्ति द्वारा कलश यात्रा से हुई। यह यात्रा सेक्टर-36 स्थित मंदिर से प्रारंभ होकर सम्मेलन स्थल तक पहुंची, जिसमें भजन-कीर्तन और गीतों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और सभ्यता की मनोहारी झांकी प्रस्तुत की गई। सम्मेलन स्थल पर पहुंचने के बाद सर्व हिंदू समाज ने सामूहिक रूप से हवन-पूजन किया, जिसके उपरांत मंचीय कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ।

मंचीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बलवंत सिंह राजपूत उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आचार्य रविकांत दीक्षित ने की, जबकि मुख्य वक्ता सुनील और विशिष्ट वक्ता सहसराम त्रिपाठी रहे। वक्ताओं ने अपने संबोधनों में हिंदू समाज की एकता, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र निर्माण में समाज की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
सम्मेलन में शामिल प्रत्येक व्यक्ति ने अपने समाज, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति गर्व की अनुभूति की। विभिन्न विद्यालयों के छोटे-छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और समाज को एक सकारात्मक संदेश दिया। इन प्रस्तुतियों की सभी ने मुक्त कंठ से सराहना की।

इस अवसर पर समिति द्वारा समाज के सफाई कर्मचारी भाइयों तथा माताओं-बहनों को मंच पर आमंत्रित कर शॉल और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान समाज में समानता, सहयोग और सम्मान की भावना को दर्शाता है। लगभग तीन घंटे तक चले इस सम्मेलन की भव्यता और अनुशासन सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम में बलराज हुड, सुरेश पचौरी, अजय भाटी, समस्त आरडब्ल्यूए टीम, सूरत नागर, मुकेश चौधरी, अतुल आनंद सिंह, सुखराम वर्मा, देवेंद्र कसाना, रोशनी सिंह, ज्ञान सिंह, मोहित, सुजीत तिवारी, गौरव नागर, नीतीश, संजीव, मनोज, प्रमोद ठाकुर, विवेक राजपूत, श्याम रावत, अभिषेक, सत्येंद्र यादव, अरविंद, उर्मिला शर्मा, नीलम तोमर, अविनाश पांडे, ज्ञानवीर पहलवान, जितेंद्र बंसल, राजकुमार, संतोष सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कुल मिलाकर यह विशाल हिंदू सम्मेलन समाज की एकता, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।