दिल्ली के अटल कैंटीन का बदला नियम: अब आधार कार्ड नहीं बल्कि इस आधार पर मिलेगा भोजन

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (31 January 2026): राजधानी दिल्ली में संचालित अटल कैंटीनों में अब रियायती भोजन पाने के लिए रेटिना स्कैनिंग अनिवार्य कर दी गई है। दिल्ली सरकार ने यह नई व्यवस्था इसलिए लागू की है ताकि सब्सिडी वाला भोजन वास्तव में जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे और एक ही व्यक्ति द्वारा बार-बार भोजन लेने पर रोक लगाई जा सके। नई प्रणाली के तहत अब बिना रेटिना स्कैन के भोजन कूपन नहीं मिल सकेगा।

सरकारी अधिकारियों के अनुसार, शहर की सभी 86 अटल कैंटीनों में रेटिना स्कैनिंग कैमरे लगाए जा चुके हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति भोजन के लिए कूपन खरीदता है, उसका रेटिना स्कैन कर उसे एक केंद्रीकृत डिजिटल सिस्टम में दर्ज किया जाता है। यह सिस्टम दिल्ली की सभी अटल कैंटीनों से आपस में जुड़ा हुआ है, जिससे किसी भी व्यक्ति की एंट्री और भोजन की जानकारी तुरंत साझा हो जाती है।

अधिकारियों ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत कोई भी व्यक्ति एक दिन में केवल एक बार ही लंच ले सकेगा। यदि किसी ने दिन में एक कैंटीन से लंच ले लिया है, तो वह उसी दिन किसी दूसरी अटल कैंटीन से दोबारा लंच नहीं खरीद पाएगा। हालांकि, उसे शाम के समय डिनर लेने की अनुमति होगी और अगले दिन वह फिर से लंच प्राप्त कर सकेगा।

दिल्ली सरकार अटल कैंटीन योजना के विस्तार की दिशा में भी काम कर रही है। सरकार इस वर्ष 16 नई अटल कैंटीन खोलने की तैयारी में है, जिससे राजधानी में कुल कैंटीनों की संख्या 100 तक पहुंच सके। पहले ये कैंटीन मुख्य रूप से झुग्गी-झोपड़ी क्लस्टरों के पास स्थापित की गई थीं, लेकिन अब नई कैंटीन अस्पतालों और विश्वविद्यालयों के आसपास खोली जाएंगी, ताकि मरीजों, उनके परिजनों और छात्रों को सस्ता व पौष्टिक भोजन मिल सके।

इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए दिल्ली सरकार ने 100 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। अधिकारियों के मुताबिक, नई कैंटीनों के लिए भूमि की उपलब्धता के आधार पर स्थानों का चयन किया जा रहा है और प्राथमिकता ऐसे सार्वजनिक संस्थानों को दी जा रही है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते हैं।

गौरतलब है कि अटल कैंटीन योजना की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर को की गई थी। इस योजना के तहत 5 रुपये में एक थाली पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाता है, जिसमें रोटी, चावल, सब्जी और अचार शामिल होता है। कैंटीन दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक लंच और शाम 6:30 बजे से रात 9:30 बजे तक डिनर के लिए संचालित होती हैं। हर कैंटीन में लंच और डिनर के लिए रोजाना 500-500 प्लेट की सीमा तय की गई है और भोजन वितरण से पहले QR आधारित टोकन जारी किए जाते हैं, ताकि व्यवस्था सुचारु बनी रहे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।