WOFA 2.0 में बोले डॉ. विकास चतुर्वेदी—AI और ESG से बदलेगा अकाउंटेंसी का भविष्य

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (31/01/2026): ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित वर्ल्ड फोरम ऑफ अकाउंटेंट्स (WOFA) 2.0 का दूसरा संस्करण चल रहा है। इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में देश-विदेश से आए अकाउंटिंग और फाइनेंस विशेषज्ञ भविष्य की चुनौतियों, अवसरों और नई संभावनाओं पर मंथन कर रहे हैं। कार्यक्रम का आयोजन इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) द्वारा किया गया है। इस अवसर पर पी. एल. टंडन फर्म के प्रतिनिधि सीए डॉ. विकास चतुर्वेदी से टेन न्यूज नेटवर्क की टीम ने विशेष बातचीत की।

टेन न्यूज से बातचीत में डॉ. विकास चतुर्वेदी ने कहा है कि पी.एल. टंडन फर्म 85 साल पुरानी संस्था है, जो आजादी से पहले 1941 से अपनी लेगेसी को आगे बढ़ा रही है। कानपुर से शुरू हुई यह फर्म आज उत्तर प्रदेश की अग्रणी और उत्तर भारत की टॉप 20 सीए फर्म्स में शुमार है। ‘वर्ल्ड फोरम ऑफ अकाउंटेंट्स’ (WofA) के इस महाकुंभ में, जहाँ दुनिया भर से 9 से 10 हजार चार्टर्ड अकाउंटेंट्स जुटे हैं, फर्म का लक्ष्य भारतीय कंपनियों और MSMEs को वैश्विक स्तर पर ले जाने के लिए नए अवसरों को तलाशना है।

चार्टर्ड अकाउंटेंसी के क्षेत्र में आए बदलावों पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि अब समय ऑडिट और टैक्स जैसी पारंपरिक सेवाओं से आगे बढ़कर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटलाइजेशन, आईटी एडवाइजरी और ग्लोबल एक्सपेंशन की ओर बढ़ने का है। चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के लिए अब सस्टेनेबिलिटी गवर्नेंस, ESG ऑडिट, फिनटेक और ग्लोबल ईआरपी सिस्टम जैसे नए क्षेत्रों में असीम संभावनाएँ मौजूद हैं।

भारत द्वारा हाल ही में साइन किए गए EFTA (FTA) समझौते पर उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि वे पिछले 20 वर्षों से इंडिया-यूरोप कॉरिडोर में सक्रिय हैं। उनके अनुमान के अनुसार, इस समझौते के बाद अगले 5 वर्षों में भारत और यूरोप के बीच काम करने वाली कंपनियों की संख्या 10,000 से बढ़कर 25,000 पार कर जाएगी और द्विपक्षीय व्यापार 200 बिलियन डॉलर से बढ़कर अगले 7 सालों में एक ट्रिलियन डॉलर तक पहुँच सकता है।

देश की 6.5 करोड़ MSMEs को अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए उन्होंने कहा कि छोटे शहरों की इन कंपनियों को वैश्विक मंच पर ले जाने में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को आपसी प्रतिस्पर्धा और असुरक्षा की भावना को छोड़कर सहयोग (Collaboration) के साथ काम करना होगा। उन्होंने जोर दिया कि अलग-अलग विशेषज्ञों को एक साथ आकर ऐसी विश्व स्तरीय भारतीय फर्में बनानी चाहिए जो देश की तरक्की में योगदान दे सकें।

इवेंट की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि सीए इंस्टिट्यूट ने दुनिया के 85 से अधिक शहरों में अपनी पहुँच बनाई है और 30 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाना एक बड़ी उपलब्धि है। यह मंच चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को वैश्विक स्तर की सेवाओं को समझने और विस्तार करने का बेहतरीन अवसर प्रदान कर रहा है।

इंडिया एक्सपो मार्ट की विश्वस्तरीय सुविधाओं और आधुनिक बुनियादी ढांचे ने भारत की वैश्विक मंच पर बढ़ती क्षमता को प्रदर्शित किया है। नोएडा और उत्तर प्रदेश में स्थित यह केंद्र इस बात का प्रमाण है कि भारत अब अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के लिए पूरी तरह तैयार है। देश की आर्थिक प्रगति के साथ ही यह संस्थान भारत को चौथी से तीसरी सबसे बड़ी वैश्विक अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण स्तंभ सिद्ध हो रहा है। ऐसे आयोजनों और बुनियादी ढांचे के विकास से भारत एक विकसित राष्ट्र बनने के अपने लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।