बिलासपुर में इलेक्ट्रॉनिक शोरूम को बनाया निशाना, छत काटकर लाखों की चोरी

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (28/01/2026): ग्रेटर नोएडा के बिलासपुर कस्बे में अपराधियों ने पुलिस की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में सेंध लगाकर करीब पांच लाख रुपये मूल्य का सामान चोरी कर लिया। हैरानी की बात यह है कि यह घटना बिलासपुर पुलिस चौकी से महज कुछ सौ मीटर की दूरी पर हुई।

जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर निवासी सुशील का कस्बे के मुख्य बाजार क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक सामान का शोरूम है। मंगलवार देर शाम रोजाना की तरह दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। बुधवार सुबह जब वह शोरूम पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और छत का एक हिस्सा टूटा हुआ मिला।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर छत के रास्ते शोरूम के भीतर दाखिल हुए और वहां से महंगे मोबाइल फोन समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण समेट ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग पांच लाख रुपये आंकी जा रही है। चोरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की डिजिटल रिकॉर्डिंग यूनिट (डीवीआर) भी उखाड़कर साथ ले ली, जिससे फुटेज के जरिए उनकी पहचान करना मुश्किल हो सके।

घटना की सूचना मिलते ही बिलासपुर पुलिस चौकी और दनकौर कोतवाली की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

वारदात के बाद कस्बे के व्यापारियों और स्थानीय निवासियों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि पुलिस चौकी के इतने नजदीक इस तरह की चोरी होना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। वहीं, दनकौर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।