उत्तर प्रदेश दिवस–2026: नोएडा शिल्प हाट में संस्कृति, शिक्षा और विकास का भव्य संगम
टेन न्यूज नेटवर्क
गौतमबुद्धनगर News (25 जनवरी 2026): उत्तर प्रदेश की स्थापना के उपलक्ष्य में आयोजित उत्तर प्रदेश दिवस–2026 के द्वितीय दिवस पर नोएडा के शिल्प हाट, सेक्टर–33ए में भव्य सांस्कृतिक और विकासपरक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार आयोजित इस तीन दिवसीय उत्सव का द्वितीय दिवस मुख्य विकास अधिकारी गौतमबुद्धनगर डॉ. शिवकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में जनसामान्य की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवकांत द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस जैसे आयोजन प्रदेश की लोककला, शिल्प और सांस्कृतिक विविधता को सशक्त मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं, महिलाओं और उद्यमियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं तथा प्रदेश की विकासात्मक योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रति आमजन की जागरूकता को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक विषयों पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। आर्य पब्लिक स्कूल, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सेक्टर–12 एवं होशियारपुर सेक्टर–51, सेंट हुड कॉन्वेंट स्कूल, बीजीएस विजनाथन स्कूल, राव कासल पब्लिक स्कूल, वर्ल्ड स्कूल ग्रेटर नोएडा और सरला चोपड़ा डीएवीपी स्कूल के विद्यार्थियों ने समूह नृत्य, शास्त्रीय नृत्य, नृत्य नाटिका, लघु नाटिका और समूह गान के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इसके साथ ही कथक नृत्यांगना अनुराधा की प्रस्तुति, कवि रघुवर आनंद के भावपूर्ण कविता पाठ और अश्रुत बैंड द्वारा बांसुरी वादन एवं गीत-संगीत ने कार्यक्रम में कला और संगीत का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया। दर्शकों ने इन प्रस्तुतियों का तालियों की गड़गड़ाहट के साथ भरपूर आनंद लिया।

द्वितीय दिवस पर छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें राजकीय बालिका इंटर कॉलेज होशियारपुर, सेक्टर–51, नोएडा की सत्र 2025–26 की पात्र छात्राओं को विभिन्न वर्गों में छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा एस्टर कॉलेज ऑफ एजुकेशन के छात्र को भी छात्रवृत्ति से लाभान्वित किया गया।

उत्तर प्रदेश दिवस–2026 के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टाल और प्रदर्शनियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। पशुपालन, कृषि, महिला कल्याण, समाज कल्याण, आयुष, स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस, नोएडा व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण सहित अनेक विभागों ने अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी। फूड स्टालों पर भी लोगों ने पारंपरिक और आधुनिक व्यंजनों का आनंद लिया।

कार्यक्रम के समापन पर विशाल श्रीवास्तव द्वारा प्रस्तुत वालीवुड संगीत कार्यक्रम ने माहौल को संगीतमय बना दिया। उनकी ऊर्जावान गायिकी और लोकप्रिय गीतों पर दर्शक झूमते नजर आए। पूरे आयोजन में जिला प्रशासन, पुलिस और प्राधिकरण के अधिकारीगण उपस्थित रहे, जिससे उत्तर प्रदेश दिवस–2026 का यह द्वितीय दिवस संस्कृति, शिक्षा और विकास के उत्सव के रूप में यादगार बन गया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।