सैंथली दयानगर में कृषक-श्रमिक ग्राम चौपाल का आयोजन, रोजगार व आजीविका योजनाओं की दी जानकारी

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (24/01/2026): गौतमबुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र की दादरी विधानसभा अंतर्गत गांव सैंथली दयानगर में शुक्रवार, 24 जनवरी 2026 को विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी-जी-राम-जी अभियान के तहत कृषक-श्रमिक ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोकसभा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि दादरी विधायक तेजपाल नागर और भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा विशिष्ट अतिथि रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. महेश शर्मा ने किसानों और श्रमिकों को बताया कि जहां मनरेगा योजना के तहत 100 दिन के रोजगार की व्यवस्था थी, वहीं वीबी-जी-राम-जी योजना में 125 दिन के रोजगार की गारंटी दी जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि फसल सीजन के दौरान श्रमिकों को अतिरिक्त मजदूरी दिए जाने का प्रावधान रखा गया है, जिससे ग्रामीणों की आय में बढ़ोतरी होगी।

दादरी विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से जनजागरण कर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि हाल ही में करीब 17.60 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क का शिलान्यास भी किया गया है, जिससे आवागमन की सुविधाएं बेहतर होंगी।

भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि मनरेगा योजना में भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आती रही हैं, जबकि नई योजना में श्रमिकों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भुगतान किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित होगी और भ्रष्टाचार की संभावनाएं समाप्त होंगी।

अभियान के संयोजक एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र नागर ने बताया कि लोकसभा क्षेत्र में इस तरह की पांच बड़ी ग्राम चौपालों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर भी चौपालें आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों तक योजना की जानकारी पहुंचाई जाएगी। कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान अंजू भाटी, जिला पंचायत सदस्य देवा भाटी, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय भाटी, मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्य, जिला महामंत्री धर्मेंद्र कोरी और दीपक भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने भाग लेकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।