ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 45 एमएलडी STP और MSPS निर्माण कार्य का ACEO ने किया निरीक्षण | Greater Noida Authority
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (23/01/2026): ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) प्रेरणा सिंह ने बृहस्पतिवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-1 में निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) तथा मास्टर सीवेज पंपिंग स्टेशन (MSPS) का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दोनों परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और कार्य की गति बढ़ाते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।
सेक्टर-1 में 45 एमएलडी क्षमता वाले एसटीपी का निर्माण लगभग 71 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार अब तक इस परियोजना का करीब 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष निर्माण कार्य को अगले छह माह में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं, लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे मास्टर सीवेज पंपिंग स्टेशन के निर्माण को तीन माह में पूरा करने की योजना है। एसीईओ ने दोनों परियोजनाओं को तय समय से पहले पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।

इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-1, 2, 3 और 4 के साथ-साथ सेक्टर-16, 16बी, 16सी, टेकजोन-4 और 7, इकोटेक-12, 14 और 15 सहित हैबतपुर, पतवारी, बिसरख, ऐमनाबाद, इटेहरा, छोटी मिलक, मिलक लच्छी, शाहबेरी और तिगड़ी जैसे क्षेत्रों के सीवर जल का प्रभावी ढंग से शोधन किया जा सकेगा। इससे क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि वर्तमान में ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में चार सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट संचालित हैं। इनमें बादलपुर स्थित 2 एमएलडी क्षमता का एसटीपी, कासना स्थित 137 एमएलडी क्षमता का एसटीपी, इकोटेक-2 में 15 एमएलडी क्षमता का एसटीपी तथा इकोटेक-3 में 20 एमएलडी क्षमता का एसटीपी शामिल है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 45 एमएलडी क्षमता का नया एसटीपी शुरू होने से सीवर शोधन क्षमता में बड़ा इजाफा होगा और क्षेत्र को इसका सीधा लाभ मिलेगा। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ प्रबंधक सन्नी यादव, प्रबंधक संध्या सिंह सहित सीवर विभाग की पूरी टीम उपस्थित रही।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।