ईशान इंस्टीट्यूट में तीन दिवसीय अंतर–महाविद्यालयीन खेल महोत्सव ‘स्पर्धा’ का आगाज़

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (23/01/2026): ग्रेटर नोएडा स्थित ईशान इंस्टीट्यूट में आयोजित तीन दिवसीय अंतर–महाविद्यालयीन खेल महोत्सव ‘स्पर्धा’ का भव्य शुभारंभ उत्साह और उमंग के साथ किया गया। आयोजन के पहले ही दिन विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए लगभग 2000 से अधिक छात्र-छात्राओं ने अलग-अलग खेल प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी कर आयोजन को जीवंत बना दिया। इस खेल महोत्सव में देश के 50 से अधिक कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

इस महोत्सव का उद्घाटन संस्थान के चेयरमैन डॉ. डी. के. गर्ग ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खेल गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का मजबूत आधार हैं। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि मानसिक सुदृढ़ता, आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को भी जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

‘स्पर्धा’ के अंतर्गत इनडोर और आउटडोर दोनों श्रेणियों की कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, खो-खो, टग ऑफ वॉर, 100 मीटर, 200 मीटर दौड़, 400 मीटर रिले रेस, लंबी कूद, एथलेटिक्स, शतरंज, टेबल टेनिस और कैरम जैसी प्रतियोगिताएं प्रमुख हैं। पहले दिन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया।

इस खेल महोत्सव में एमिटी यूनिवर्सिटी, शारदा यूनिवर्सिटी, जी.एल. बजाज कॉलेज, आईआईएमटी यूनिवर्सिटी, आईएमआई कॉलेज, जीएस आयुर्वेदिक कॉलेज (हापुड़), महर्षि यूनिवर्सिटी, मंगलमय कॉलेज, आईआईएलएम विश्वविद्यालय, विश्व भारती स्कूल सहित कई प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।

प्रथम दिन के समापन अवसर पर मौजूद अतिथियों और आयोजकों ने खिलाड़ियों के उत्साह और प्रदर्शन की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजकों ने बताया कि खेल महोत्सव के दूसरे दिन प्रतियोगिताएं प्रातः 8 बजे से प्रारंभ होंगी। वहीं, अंतिम दिन विजेता प्रतिभागियों को कमिश्नर ऑफ पुलिस लक्ष्मी सिंह, एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस डॉ. राजीव नारायण मिश्र और डीसीपी ट्रैफिक सुश्री मनीषा सिंह द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

तीन दिवसीय ‘स्पर्धा’ खेल महोत्सव न केवल प्रतिस्पर्धा का मंच साबित हो रहा है, बल्कि विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा और ऊर्जा का स्रोत भी बनकर उभर रहा है, जिससे संस्थान के शैक्षणिक और खेल वातावरण में नई सकारात्मकता का संचार हुआ है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।