Republic Day 2026: Delhi Police की ‘बाज की नजर’, AI स्मार्ट चश्मों से होगी संदिग्धों की पहचान
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (22 January 2026): गणतंत्र दिवस 2026 के भव्य आयोजन को सुरक्षित बनाने के लिए दिल्ली पुलिस ने इस बार अत्याधुनिक तकनीक का सहारा लिया है। पहली बार कर्तव्य पथ पर होने वाली परेड और उससे जुड़े कार्यक्रमों की सुरक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से लैस स्मार्ट चश्मों का इस्तेमाल किया जाएगा। इन हाई-टेक चश्मों की मदद से पुलिस भीड़ के बीच छिपे अपराधियों और राष्ट्रविरोधी तत्वों की तुरंत पहचान कर सकेगी।
दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन स्मार्ट ग्लासेस में फेस रिकॉग्निशन सिस्टम (FRS) लगाया गया है, जो कुछ ही सेकंड में किसी भी चेहरे को स्कैन कर पुलिस रिकॉर्ड से मिलान कर सकता है। अगर कोई चेहरा संदिग्ध या वांटेड अपराधी के डेटाबेस से मेल खाता है, तो चश्मा पहनने वाले पुलिसकर्मी को तुरंत अलर्ट मिल जाता है। इससे बिना भीड़ रोके और अफरा-तफरी फैलाए कार्रवाई संभव हो सकेगी।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त देवेश कुमार महला ने बताया कि ये स्मार्ट चश्मे मुंबई की टेक कंपनी ‘अजना लेंस’ द्वारा विकसित किए गए हैं। ये एक विशेष मोबाइल ऐप के जरिए सीधे अपराधियों के डेटाबेस से जुड़े रहते हैं, जिसमें 10 हजार से ज्यादा संदिग्धों और वांटेड अपराधियों का डेटा मौजूद है। खास बात यह है कि अगर किसी संदिग्ध ने दाढ़ी बढ़ा ली हो, चेहरे पर बदलाव हो या फोटो 10–20 साल पुरानी हो, तब भी सिस्टम चेहरे की बनावट के आधार पर पहचान कर सकता है।
तकनीकी रूप से भी ये चश्मे बेहद उन्नत हैं। इन्हें हर समय इंटरनेट कनेक्शन की जरूरत नहीं होती। ये ऑफलाइन भी डेटा प्रोसेस कर सकते हैं और संदिग्ध दिखने पर पुलिसकर्मी के मोबाइल फोन पर तुरंत अलर्ट भेज देते हैं। इंटरनेट की आवश्यकता केवल तब होती है, जब ग्राउंड पर तैनात पुलिसकर्मी को हेडक्वार्टर या अन्य यूनिट्स को सूचना भेजनी हो।
सुरक्षा के लिहाज से ये चश्मे सिर्फ चेहरे की पहचान तक सीमित नहीं हैं। इनमें थर्मल इमेजिंग और वीडियो एनालिटिक्स जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं, जिससे कपड़ों के अंदर छिपे हथियार या प्रतिबंधित वस्तुओं की पहचान की जा सकती है। गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा के लिए करीब 10,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, 3,000 से अधिक CCTV कैमरों को 30 कंट्रोल रूम से मॉनिटर किया जा रहा है, जबकि परेड रूट और एंट्री पॉइंट्स पर चार-स्तरीय चेकिंग और ड्रोन सर्विलांस भी किया जाएगा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।