भारत मंडपम में लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन 2026 पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का भव्य उद्घाटन
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (21 January 2026): भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आयोजित इंडिया इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट 2026 का आयोजन नई दिल्ली के भारत मंडपम में किया गया। सम्मेलन का उद्घाटन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में दुनिया भर से आए चुनाव प्रबंधन से जुड़े प्रतिनिधि, विशेषज्ञ और अधिकारी शामिल हो रहे हैं, जिनका उद्देश्य लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को और अधिक पारदर्शी व मजबूत बनाना है।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों का स्वागत किया और कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है। उन्होंने कहा कि भारत में लोकतांत्रिक परंपराएं हजारों वर्षों पुरानी हैं, जिसका प्रमाण अथर्व वेद में वर्णित ग्राम समितियों और कमेटियों से मिलता है। सम्मेलन की पृष्ठभूमि में प्राचीन कोडुवल्लाई प्रणाली का भी उल्लेख किया गया, जो तमिल परंपरा में वर्णित एक प्राचीन मतदान व्यवस्था रही है और भारत की लोकतांत्रिक विरासत को दर्शाती है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने आधुनिक चुनाव प्रबंधन की बुनियाद पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) लगभग 300 घरों और मतदाताओं की जिम्मेदारी संभालता है और यह सुनिश्चित करता है कि सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो। उन्होंने कहा कि BLO ही भारतीय चुनावी लोकतंत्र की नींव है। संविधान के अनुसार, चुनावी प्रक्रिया के दो प्रमुख स्तंभ हैं, सटीक मतदाता सूची तैयार करना और निष्पक्ष तरीके से चुनाव कराना।
इस अवसर पर चुनाव आयुक्त विवेक जोशी ने कहा कि चुनाव केवल कैलेंडर की तारीखें नहीं होते, बल्कि एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया हैं, जिनमें तैयारी, आपसी समन्वय और सतत मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में चुनाव प्रबंधन से जुड़े लोग अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के तहत लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं और यह सम्मेलन आपसी सीख और अनुभव साझा करने का महत्वपूर्ण मंच है।
चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू ने अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि विभिन्न महाद्वीपों, संस्कृतियों और राजनीतिक प्रणालियों के बावजूद चुनाव लोकप्रिय संप्रभुता की सबसे सशक्त अभिव्यक्ति हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि संस्थागत ढांचे भले अलग हों, लेकिन सभी देशों का साझा उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया की अखंडता बनाए रखना है, ताकि हर वोट की अहमियत बनी रहे और हर नागरिक की आवाज़ लोकतंत्र में सुनी जा सके।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।