ग्रेटर नोएडा में पार्किंग विवाद ने लिया उग्र रूप, पुलिस के सामने युवक ने की गाली-गलौज

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (19/01/2026): ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र से पार्किंग को लेकर हुए विवाद का एक मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक द्वारा खुलेआम गाली-गलौज और हंगामा करने का आरोप लगा है। हैरान करने वाली बात यह रही कि पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद भी युवक का आक्रामक रवैया नहीं बदला। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर अब लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

मामला सेक्टर बीटा-1 स्थित सी-ब्लॉक का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, 8 जनवरी को दो पड़ोसियों के बीच गाड़ी खड़ी करने को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते तीखे विवाद में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान युवक ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

इस संबंध में तन्वी नाम की महिला ने स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का आरोप है कि उनके पड़ोसी रवि ने न केवल उनके साथ गाली-गलौज की, बल्कि पुलिस बुलाए जाने के बावजूद अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। हालात बिगड़ते देख महिला ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस सहायता मांगी।

पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद भी युवक का हंगामा जारी रहा। आरोप है कि उसने महिला के पति के साथ भी दुर्व्यवहार किया। इसी दौरान किसी ने मोबाइल फोन से पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद हैं, लेकिन युवक लगातार आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करता नजर आ रहा है। वीडियो में एक महिला युवक को घर के भीतर ले जाने का प्रयास करती दिखाई देती है, लेकिन उसके बावजूद वह शांत नहीं होता।

इस मामले में पुलिस का कहना है कि घटना 8 जनवरी की है और उसी दिन आरोपी के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बाद में दोनों पक्षों को समझाकर आपसी बातचीत के जरिए मामला सुलझा लिया गया। पुलिस का दावा है कि विवाद की जड़ केवल पार्किंग को लेकर हुई गलतफहमी थी, जिसे समय रहते सुलझा लिया गया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।