यमुना सिटी में बनेगी जापानी इंडस्ट्रियल सिटी, YEIDA और JETRO की दिल्ली में अहम बैठक
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (16/01/2026): यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने यमुना सिटी को अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया है। प्राधिकरण की योजना के तहत यमुना सिटी में एक विशेष जापानी इंडस्ट्रियल सिटी विकसित की जाएगी, जिसके लिए अब जमीनी स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को दिल्ली में जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (JETRO) के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है।
इस बैठक में जापान की प्रमुख कंपनियों और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि शामिल होंगे। YEIDA अधिकारियों के अनुसार, बैठक का मुख्य उद्देश्य यह जानना है कि जापानी निवेशक प्रस्तावित इंडस्ट्रियल सिटी को किस स्वरूप में विकसित होते देखना चाहते हैं। कंपनियों के सुझावों और अपेक्षाओं को परियोजना की रूपरेखा में शामिल किया जाएगा, ताकि यह औद्योगिक शहर जापानी उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जा सके।
प्राधिकरण की योजना यमुना सिटी में लगभग 395 हेक्टेयर क्षेत्रफल में जापानी इंडस्ट्रियल सिटी विकसित करने की है। इससे पहले YEIDA के मुख्य कार्यपालक अधिकारी आर. के. सिंह ने राजस्थान के नीमराना का दौरा किया था, जहां पहले से एक सफल जापानी औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस दौरे से जापानी औद्योगिक मॉडल, कार्य संस्कृति और इकोसिस्टम को समझने में काफी मदद मिली, जिसे यमुना सिटी परियोजना में लागू किया जाएगा।
YEIDA अब बड़े जापानी उद्योगों को आकर्षित करने के लिए सक्रिय रूप से प्रयास कर रहा है। कई जापानी कंपनियों के साथ प्रारंभिक बातचीत पहले ही हो चुकी है, जिससे यह बैठक और भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक के दौरान उद्यमियों से यह भी जानकारी ली जाएगी कि उन्हें किस आकार और किस प्रकार के औद्योगिक भूखंडों की आवश्यकता है, ताकि भूमि आवंटन उसी के अनुरूप किया जा सके।
इसके साथ ही यह भी आकलन किया जाएगा कि जापानी कंपनियां केवल औद्योगिक ढांचा चाहती हैं या फिर आवासीय और सहायक सुविधाओं की भी मांग है। यदि निवेशकों की ओर से ऐसी अपेक्षा सामने आती है, तो YEIDA जापानी सिटी में मिक्स्ड लैंड यूज सेक्टर विकसित करने पर भी विचार कर सकता है। प्राधिकरण के अनुसार यह परियोजना खासतौर पर जापानी उद्योगों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है, इसलिए निवेशकों से मिलने वाले सुझाव बेहद अहम हैं। जापानी सिटी के विकास से न केवल विदेशी निवेश को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि यमुना सिटी को वैश्विक औद्योगिक मानचित्र पर एक नई पहचान भी मिलेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।