सोनिया विहार को मिलेगी विकास की नई सौगात, कई बड़ी परियोजनाओं का शुभारंभ: मंत्री कपिल मिश्रा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (14 January 2026): दिल्ली सरकार के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने सोनिया विहार में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए विधानसभा क्षेत्र में हो रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मौजूदा कार्यकाल में सोनिया विहार में एक बड़े अस्पताल के निर्माण की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही क्षेत्र में सीवर लाइन का काम शुरू हो चुका है और इसे पूरी विधानसभा में विस्तार दिया जाएगा, जिससे बुनियादी सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा।

कपिल मिश्रा ने बताया कि सोनिया विहार और आसपास के इलाकों में सीवर, सड़क, पानी और बिजली जैसी सुविधाओं के बेहतर होने से जमीनों की कीमतों में भी बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह साउथ दिल्ली में जमीनों के दाम हैं, वैसी ही स्थिति आने वाले समय में इस क्षेत्र में भी देखने को मिलेगी। करावल नगर में पहले से डाले गए सीवर की सर्विस भी अब शुरू कर दी गई है। इसके अलावा देहरादून हाईवे खुल चुका है और सोनिया विहार पुश्ते को डबल करने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होने वाली है, जिस पर कंसल्टेंट की रिपोर्ट आने वाली है।

पर्यटन मंत्री ने घोषणा की कि दिल्ली की यमुना नदी में जल्द ही क्रूज सेवा शुरू की जाएगी और इसकी शुरुआत सोनिया विहार से होगी। उन्होंने कहा कि यह एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम होगा, जिसे पूरी दुनिया देखेगी। यमुना क्रूज परियोजना के तहत जहाजों का संचालन होगा और सोनिया विहार में एक बड़ा पर्यटन केंद्र विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस परियोजना को समझने के लिए हाल ही में टीम मुंबई का दौरा कर चुकी है।

कपिल मिश्रा ने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेंशन और अस्पतालों की स्थिति सुधारने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि रुकी हुई पेंशन को बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है और पिछली सरकारों के दौरान खराब पड़ी पानी और सीवर लाइनों को दुरुस्त किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10–12 वर्षों में दिल्ली में विकास कार्य ठप हो गए थे और कई घोटाले सामने आए, जिन्हें अब उजागर किया जा रहा है।

अपने संबोधन में कपिल मिश्रा ने कहा कि मौजूदा सरकार को बने अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन अब तक दिल्ली में लगभग 1000 आयुष्मान आरोग्य मंदिर और डिस्पेंसरी खोली जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि हर दिन औसतन तीन से चार नई डिस्पेंसरी शुरू की जा रही हैं। इसके साथ ही दिल्ली में लगभग 1000 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की गई हैं, जिनमें देवी बसें भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली में विकास कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं और आने वाले समय में इसका असर जमीन पर साफ दिखाई देगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।